0 जनजातीय नायकों को किया जाएगा नमन, लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों और प्रदर्शनियों से सजेगा समारोह
0 खैरागढ़ के स्वर्गीय लाल दिलीप सिंह मंगल भवन में होगा आयोजन, हितग्राहीमूलक योजनाओं के लगेंगे स्टॉल
(यतेन्द्र जीत सिंह छोटू ब्यूरो चीफ जिला खैरागढ़)
खैरागढ़ : जनजाति गौरव दिवस का मुख्य समारोह 18 नवंबर को स्थानीय स्वर्गीय लाल दिलीप सिंह मंगल भवन, खैरागढ़ में आयोजित किया जाएगा।। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह होंगे।। कार्यक्रम में जिले के जनप्रतिनिधियों, जनजाति समाज के प्रमुखों एवं गणमान्य नागरिकों की विशिष्ट उपस्थिति रहेगी।
आदिम जाति विकास विभाग, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार जिले में 11 से 18 नवंबर 2026 तक जनजाति गौरव सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जनजातीय नायकों एवं अमर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के छायाचित्रों पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उनके शौर्य, त्याग एवं योगदान को नमन किया जाएगा। इस अवसर पर समाज को दिशा देने वाले जनजाति समाज के प्रमुखों का विशेष सम्मान भी किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय नायकों के गौरवशाली इतिहास पर आधारित विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी।। जनजातीय संस्कृति एवं परंपराओं से परिचित कराने के लिए पारंपरिक आभूषण, वेशभूषा, कृषि एवं अन्य उपकरणों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।। इसके माध्यम से नागरिकों को जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और जीवनशैली को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत जिले में किए गए उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित विशेष फोटो प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।। इसके अतिरिक्त आमजन को शासकीय योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा हितग्राहीमूलक योजनाओं के स्टॉल लगाए जाएंगे।
समारोह में जनजातीय नृत्य कला पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण होंगे। विभिन्न नर्तक दल अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जनजातीय लोक कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं की झलक प्रस्तुत करेंगे।
कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल ने जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्यजनों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर जनजातीय नायकों के योगदान को नमन करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




