Home samachar जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास हमारी अमूल्य धरोहर...

जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली इतिहास हमारी अमूल्य धरोहर : स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल…

16

जनजातीय क्षेत्र बूचाटोला के लिए 24 घंटे के भीतर नवीन एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा

राजनांदगांव । लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, चिकित्सा शिक्षा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मंगलवार को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम, राजनांदगांव में भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। समारोह में स्वास्थ्य मंत्री का पारंपरिक बायसन हॉर्न मुकुट पहनाकर आत्मीय स्वागत व अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्होंने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को सामग्री वितरित की तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और महिलाओं को सम्मानित किया। स्वास्थ्य मंत्री ने जनजातीय क्षेत्र बूचाटोला के लिए 24 घंटे के भीतर नवीन एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा के साथ ही अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं व निर्माण कार्यों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जनजातीय समाज छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव : जायसवाल
जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि जनजातीय समाज छत्तीसगढ़ की पहचान और गौरव है। प्रकृति प्रेम, जल-जंगल-जमीन के संरक्षण तथा समृद्ध कला, संस्कृति व परंपराओं को संजोए रखने में समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, रानी दुर्गावती और सिद्धू-कान्हू के त्याग व बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि इन महानायकों ने स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा दी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से जनजातीय बाहुल्य क्षेत्रों में सडक़, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट से सेवाएं दी जा रही हैं। वहीं मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान के तहत लगभग साढ़े 33 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर एक लाख से अधिक जरूरतमंदों को उपचार उपलब्ध कराया गया है। प्रदेश के जिला चिकित्सालयों व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अब 134 प्रकार की अत्याधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं।
मेडिकल कॉलेज में एमआरआई और नए फिजियोथेरेपी कॉलेज की सौगात
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है। यहां लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से सीटी स्कैन सुविधा प्रारंभ की जा चुकी है, वहीं एमआरआई मशीन की स्थापना के लिए स्वीकृति और निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो गई है तथा शीघ्र ही यह सुविधा भी शुरू होगी। उन्होंने जानकारी दी कि राजनांदगांव में नवीन फिजियोथेरेपी कॉलेज स्वीकृत किया गया है, जिसमें आगामी शैक्षणिक सत्र से अध्ययन प्रारंभ करने की योजना है। प्रदेश में 5 नवीन मेडिकल कॉलेज, 14 नर्सिंग कॉलेज और 7 फिजियोथेरेपी कॉलेज की स्वीकृति से युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे। मंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
नई पीढ़ी को अपने गौरवशाली इतिहास से परिचित कराना जरूरी : संतोष पाण्डेय
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि देश की स्वतंत्रता और समाज के उत्थान में जनजातीय वीरों व क्रांतिकारियों का अमूल्य योगदान रहा है। भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह, तिलका मांझी, सिद्धू-कान्हू और गुंडाधूर जैसे नायकों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध अदम्य साहस से संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाया जा रहा है और जनजातीय गौरव दिवस के माध्यम से नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के बलिदान की जानकारी मिल रही है।
जल, जंगल और जमीन का संरक्षक रहा है जनजातीय समाज : महापौर
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि समाज के उत्थान और विकास का संकल्प लेने का दिन है। जनजातीय समाज सदैव जल, जंगल और जमीन का संरक्षक रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति व विकास के प्रयासों की सराहना की और मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन व एमआरआई जैसी सुविधाओं के विस्तार के लिए स्वास्थ्य मंत्री के प्रति आभार जताया।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही योजनाओं की रोशनी : एम.डी. ठाकुर
राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष एम.डी. ठाकुर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने सीमित संसाधनों के बावजूद अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचार के विरुद्ध समाज को संगठित किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 से 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत हुई, वहीं प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान से विशेष पिछड़ी जनजातियों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
कार्यक्रम में निक्षय पोषण योजना के तहत 5 जनजातीय समूह के हितग्राहियों को डीबीटी के माध्यम से कुल 24,000 रुपये की सहायता राशि सीधे बैंक खातों में अंतरित की गई तथा 5 हितग्राहियों को नि:शुल्क उपचार हेतु आयुष्मान भारत कार्ड वितरित किए गए। इस अवसर पर जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक अध्यक्ष सचिन बघेल, जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर, राजगामी संपदा न्यास की अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रशांत कोड़ापे, श्रीमती बिरम मंडावी, गोपाल सिंह भुआर्य, श्रीमती अनिता मंडावी, श्रीमती देवकुमारी, पार्षद सेवक उईके, राजगामी संपदा न्यास के उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी, बैंक उपाध्यक्ष भरत वर्मा, कोमल सिंह राजपूत, दिनेश गांधी, कलेक्टर जितेन्द्र यादव, अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय, वनमंडलाधिकारी आयुष जैन, जिला पंचायत सीईओ दुर्गा प्रसाद अधिकारी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शीतल बंसल, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास सुश्री दीक्षा गुप्ता, समाज प्रतिनिधि आत्माराम चंद्रवंशी, नीलकंठ गढ़े एवं श्रीमती सुशीला नेताम सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here