जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, ग्रामीणों को मिलेगी त्वरित आपातकालीन सुविधा
छुरिया (दावा)। ग्रामीण अंचलों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बूचाटोला को नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस की सौगात मिली है। जिला पंचायत राजनांदगांव की अध्यक्ष किरण रविन्द्र वैष्णव ने नवीन एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर क्षेत्रवासियों की सेवा के लिए समर्पित किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल द्वारा यह सौगात प्रदान की गई है। राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय एवं महापौर मधुसूदन यादव की अनुशंसा तथा जिला पंचायत सभापति बिरम मंडावी की मांग पर शासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य केंद्र को यह एम्बुलेंस उपलब्ध कराई है।
अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना लक्ष्य
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस नवीन 108 संजीवनी एक्सप्रेस के संचालन से बूचाटोला सहित आसपास के गांवों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेषकर गर्भवती महिलाओं, सडक़ दुर्घटना में घायलों और गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में यह जीवनदायिनी साबित होगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनपद पंचायत छुरिया के अध्यक्ष संजय सिन्हा ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं केवल शहरों तक सीमित न रहकर ग्रामीण अंचलों के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसी लक्ष्य के साथ सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य अमले से एम्बुलेंस के बेहतर संचालन की अपील की। वहीं, जिला पंचायत सभापति बिरम मंडावी ने मांग किए जाने के 24 घंटे के भीतर सौगात मिलने पर प्रदेश सरकार और वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत सभापति ललिता चंद्रवंशी, भाजपा मंडल पूर्व अध्यक्ष आत्माराम चंद्रवंशी, पूर्व जनपद सदस्य राम बाई चंद्रवंशी, बूचाटोला सरपंच अलेंद्र चंद्रवंशी, प्रिंस भाटिया, सीमा चंद्रवंशी, आबिद मेमन, जीवनदीप समिति के सदस्यगण सहित स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




