भर्रेगांव में जर्जर मकान ढहाने के दौरान हुआ हादसा, जांच में जुटी पुलिस
राजनांदगांव (दावा)। जिला मुख्यालय से लगे भर्रेगांव में रविवार सुबह हुए हादसे में एक घर की छत ढहने से मलबे में दबकर एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान भर्रेगांव निवासी संतोष यादव पिता गैंदू यादव (52 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ग्राम के मनीष चंद्राकर के जर्जर घर को तोडने का काम कर रहा था।? तभी अचानक छत भरभराकर उसके ऊपर गिर गई और वह भारी मलबे के नीचे दब गया। सूचना मिलने पर पहुंची सुरगी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे तक बचाव अभियान चलाकर उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
तोड़ाई कार्य के दौरान ढही छत
जानकारी के अनुसार, संतोष यादव घर निर्माण से संबंधित मजदूरी का कार्य करता है। उन्होंने अपने चार मजदूर साथियों के साथ गांव के ही मनीष चन्द्राकर के पुराने जर्जर घर को तोडऩे का ठेका लिया था। रविवार सुबह करीब नौ से 10 बजे के बीच वह अपने मजदूर साथियों के साथ उक्त मकान को तोडऩे कार्य कर रहा था। इसी दौरान छत का एक बड़ा हिस्सा अचानक कमजोर होकर ढह गया और संतोष को संभलने तक का मौका नहीं मिला। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और पुलिस को घटना की सूचना दी। गनीमत है कि संतोष के साथ काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए नहीं तो और भी बड़ी जन हानि हो सकती थी।
दो घंटे चला बचाव अभियान
सुरगी चौकी प्रभारी नरेश बंजारे ने बताया कि हादसे की खबर मिलते ही पुलिस चौकी का स्टाफ और राज्य आपदा मोचन बल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों टीमों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से मलबे को हटाने का काम शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे में दबे संतोष को बाहर निकाला गया, लेकिन गंभीर चोट लगने और दम घुटने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। सुरगी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया गया। उन्होंने बताया कि पोस्ट मार्टम पश्चात मृत के शव को अंतिम क्रिया हेतु परिजनों को सौंप दिया गया है और घटना के संबंध में आगे की जांच में जुट गई है।




