Home samachar राजनांदगांव में मटन मार्केट हटाने की कार्रवाई शुरू: राजगामी संपदा न्यास के...

राजनांदगांव में मटन मार्केट हटाने की कार्रवाई शुरू: राजगामी संपदा न्यास के निर्णय पर बुलडोजर, नंदई हाट बाजार में होंगे शिफ्ट…

9

गोल बाजार से हटाया जा रहा मटन मार्केट: भारी पुलिस बल के बीच बुलडोजर कार्रवाई,

दुकानदारों के सामने कारोबार जमाने की चुनौती

राजनांदगांव (दावा)। शहर के गोल बाजार स्थित लंबे समय से संचालित मटन मार्केट को हटाने के लिए सोमवार, 23 नवंबर को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई शुरू कर दी। राजगामी संपदा न्यास के निर्णय के तहत दुकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए थे।

100 जवानों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई

मटन मार्केट हटाने के दौरान मौके पर करीब 100 पुलिस जवान तैनात किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए एसडीएम, एएसपी, सीएसपी, नगर निगम कमिश्नर, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में बुलडोजर के जरिए दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। बताया गया कि राजगामी संपदा न्यास के निर्णय के बाद मार्केट हटाने का फैसला लिया गया था। इस संबंध में संबंधित दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे।

नंदई के नए हाट बाजार में शिफ्ट होंगी दुकानें

प्रशासन की योजना के अनुसार, गोल बाजार में संचालित मटन दुकानों को नंदई क्षेत्र में तैयार किए गए नए हाट बाजार में स्थानांतरित किया जाना है। वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दुकानदारों को वहां कारोबार के लिए जगह उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है।

मार्केट हटाने के फैसले पर पहले से था विवाद

गोल बाजार से मटन मार्केट हटाने के फैसले को लेकर लंबे समय से अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आती रही हैं। दुकानदारों ने कार्रवाई से आजीविका और कारोबार प्रभावित होने की आशंका जताते हुए विरोध किया था। वहीं, कुछ संगठनों की ओर से गोल बाजार क्षेत्र से मटन मार्केट हटाने की मांग भी की जा रही थी।

नए बाजार में कारोबार शुरू करना होगी दुकानदारों की चुनौती

प्रशासन की बुलडोजर कार्रवाई शुरू होने के बाद अब दुकानदारों को नंदई के नए हाट बाजार में कारोबार जमाने की चुनौती का सामना करना होगा। दूसरी ओर, गोल बाजार से मटन मार्केट हटने के बाद इस स्थान का भविष्य में किस तरह उपयोग किया जाएगा, इसे लेकर भी शहरवासियों की नजरें प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here