सा
मान लाने के बहाने छोटी बहन व सहेली को स्कूटी देकर भेजा पुराना बस स्टैंड
कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, चोरी के सभी गहने बरामद
राजनांदगांव। परिचित होने और घर में अक्सर आने-जाने का फायदा उठाकर अपनी ही छोटी बहन की सहेली के घर से लाखों के जेवरात चोरी करने वाली शातिर युवती को सिटी कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी युवती के कब्जे से चोरी किए गए 2 लाख 20 हजार रुपये के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर उसे न्यायिक रिमांड पर दुर्ग महिला जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार लखोली बैगापारा निवासी प्रार्थिया ने 6 नवंबर को सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर की अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए हैं। चोरी गए सामान में चांदी की पायल, राजाबाड़ा पायल, सोने का लॉकेट और तीन जोड़ी टॉप्स सहित कुल 2.20 लाख रुपये के गहने शामिल थे। कोतवाली पुलिस ने धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
योजनाबद्ध तरीके से दिया वारदात को अंजाम
एसपी सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन तथा एएसपी कीर्तन राठौर व सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली और साइबर सेल की टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। जांच में संदेह की सुई शंकरपुर शिवानंद चौक (चिखली) निवासी 21 वर्षीय श्रेया रानी भीमगंज पिता स्व. विद्याभूषण की ओर घूमी, जिसका प्रार्थिया के घर अक्सर आना-जाना था।
हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर श्रेया ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि घटना वाले दिन वह अपनी छोटी बहन के साथ उसकी सहेली के घर गई थी। वहां पहुंचने के बाद उसने योजनाबद्ध तरीके से सामान लाने के बहाने दोनों को अपनी स्कूटी देकर पुराने बस स्टैंड भेज दिया। घर में अकेले होने का फायदा उठाकर उसने अलमारी में रखे गहने चोरी कर लिए।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे महिला जेल दुर्ग भेज दिया गया। इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक उपेन्द्र कुमार शाह, साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, उप निरीक्षक राधेश्याम जूर्री, प्रशिक्षु उप निरीक्षक उपासना साहू, आरक्षक प्रकाश कुर्रे सहित साइबर सेल से जीवन ठाकुर, खिलेश पटेल, अविनाश झा, प्रख्यात जैन, अमर भारती, पार्वती कंवर और आदित्य राजपूत का सराहनीय योगदान रहा।




