Home samachar ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज ने बनाया चोर, सूने मकान से जेवरात पार...

ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज ने बनाया चोर, सूने मकान से जेवरात पार करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार…

8

10 लाख रुपये का कर्ज चुकाने रची थी चोरी की साजिश, कुल 15.50 लाख की संपत्ति जप्त

मोहारा पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई, रायपुर की एक अन्य चोरी का भी खुलासा

राजनांदगांव। ऑनलाइन गेमिंग की लत में 10 लाख रुपये का कर्जदार बने युवक ने अपने साथी के साथ मिलकर गांव के ही एक सूने मकान से लाखों के गहने पार कर दिए। मोहारा पुलिस चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और वारदात में प्रयुक्त कार सहित कुल 15 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा ने मोहारा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 25 अगस्त की सुबह करीब 9 बजे वह परिवार सहित खेती के काम से खेत गया था। दोपहर 1 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और आलमारी से सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। पुलिस ने धारा 331, 305 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। एसपी सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, एएसपी कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ केसरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में चौकी प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह और साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई।

रेकी कर तड़के छत पर छिपा, परिवार के जाते ही तोड़ा ताला

विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम ठाकुरटोला निवासी सुरेन्द्र साहू (36 वर्ष) और गणेश्वर नेताम उर्फ राजू (25 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने बताया कि सुरेन्द्र को ऑनलाइन गेमिंग में 10 लाख रुपये का कर्ज हो गया था, जिसे चुकाने के लिए दोनों ने चोरी की योजना बनाई।

वारदात के दिन सुबह करीब 4 बजे गणेश्वर ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे पीड़ित के घर की छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र बाहर निगरानी करता रहा। सुबह 9 बजे परिवार के खेत जाते ही सुरेन्द्र ने मोबाइल पर सूचना दी, जिसके बाद गणेश्वर ने नीचे उतरकर लोहे की रॉड से ताला तोड़ा और आलमारी से सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और पैरपट्टी चोरी कर ली। इसके बाद दोनों कार (क्रमांक CG 04 NZ 3480) से रायपुर भाग गए और इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये के मकान में रहने लगे।

रायपुर के अरिहंत नगर की चोरी भी कबूली

पूछताछ में मुख्य आरोपी सुरेन्द्र साहू ने रायपुर के अरिहंत नगर स्थित अपने परिचित हेमंत साहू के घर से भी घरेलू कामकाज के दौरान सोने के टॉप्स और झुमका चोरी करना स्वीकार किया, जिसे उसने मुथूट फाइनेंस डोंगरगढ़ में गिरवी रख दिया था। पुलिस ने ठाकुरटोला से चोरी हुए 8.50 लाख के गहने, रायपुर की चोरी के 2 लाख के गहने और 5 लाख रुपये की कार सहित कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार, मोहारा चौकी प्रभारी सुनील कुमार सिंह, सउनि महेन्द्र यादव, संतोष सिंह, प्र.आर. महादेव साहू, काशी राम साहू, आरक्षक मानी ठाकुर, जय प्रकाश धीवर, ऋषिदास, विनोद वर्मा तथा साइबर सेल से परिवेश वर्मा, शत्रुहन सिंह, पुनेश्वर साहू, खिलेश पटेल, मोहन साहू, हेमंत साहू और आदित्य सिंह का सराहनीय योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here