Home राजनांदगांव आयुष्मान भारत योजना से 112 बीमारियों के इलाज के पैकेज निजी अस्पतालों...

आयुष्मान भारत योजना से 112 बीमारियों के इलाज के पैकेज निजी अस्पतालों से हटाने के प्रस्ताव पर तत्काल रोक लगे – राजेश कुमार ‘चंपू’…

9

 

 

दांतों की बढ़ती बीमारियों को भी आयुष्मान योजना के दायरे में शामिल करने की मांग*

➡️ *कहा कि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं*

राजनांदगांव। AICC के बिहार आब्जर्वर एवं इंदिरा नगर वार्ड क्रमांक 41 के पूर्व पार्षद तथा नगर निगम के पूर्व एमआईसी सदस्य राजेश कुमार ‘चंपू’ ने छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत निजी अस्पतालों में उपचार के लिए निर्धारित 112 बीमारियों के इलाज के पैकेज हटाने संबंधी प्रस्ताव पर कड़ा विरोध जताते हुए राज्य सरकार से इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना गरीब, जरूरतमंद और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए गंभीर बीमारियों के उपचार का महत्वपूर्ण सहारा है। ऐसे में योजना के दायरे को सीमित करने अथवा निजी अस्पतालों में उपलब्ध उपचार पैकेज कम करने का कोई भी निर्णय आम जनता के हितों के विपरीत होगा। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ सकता है।

राजेश कुमार ‘चंपू’ ने कहा कि सरकार का दायित्व स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना और आम नागरिकों को बेहतर एवं सुलभ उपचार उपलब्ध कराना है, न कि ऐसी सुविधाओं में कटौती करना। यदि निजी अस्पतालों से उपचार के पैकेज हटाए जाते हैं तो इसका सीधा असर उन मरीजों पर पड़ेगा, जो सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज की सुविधा प्राप्त करते हैं।

उन्होंने राज्य में तेजी से बढ़ रही दांतों एवं मुंह से संबंधित बीमारियों पर भी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि दांतों की समस्या अब केवल सामान्य परेशानी नहीं रह गई है। इसका असर व्यक्ति के स्वास्थ्य, खानपान और जीवन की गुणवत्ता पर पड़ता है। इसलिए आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत दांतों की गंभीर बीमारियों, आवश्यक दंत उपचार एवं संबंधित सर्जरी को भी उचित स्वास्थ्य पैकेज के साथ शामिल किया जाना चाहिए, ताकि गरीब परिवारों को महंगे दंत उपचार के कारण परेशान न होना पड़े।

उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि 112 बीमारियों के उपचार पैकेज हटाने संबंधी प्रस्ताव पर तत्काल रोक लगाई जाए, आयुष्मान योजना की वर्तमान उपचार सुविधाओं को सुरक्षित रखा जाए तथा जरूरत के अनुसार नए उपचार पैकेज जोड़कर योजना का विस्तार किया जाए।

राजेश कुमार ‘चंपू’ ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधा किसी की आर्थिक स्थिति देखकर नहीं मिलनी चाहिए। आयुष्मान योजना का उद्देश्य लोगों को बीमारी के समय आर्थिक संकट से बचाना है। जनकल्याणकारी योजनाओं में कटौती के बजाय उनका विस्तार होना चाहिए, क्योंकि आम जनता का बेहतर स्वास्थ्य ही स्वस्थ और सशक्त छत्तीसगढ़ की असली पहचान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here