राजनांदगांव। संविधान दिवस के अवसर पर बौद्ध कल्याण समिति पंजीयन क्रमांक 14131, राजनांदगांव द्वारा 27 नवम्बर 2026 को स्टेट हाईस्कूल मैदान में भव्य मंचीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में देश के मशहूर गायक एवं कव्वाल फैजान ताज अपनी शानदार गायकी और कव्वाली की प्रस्तुति देंगे।कार्यक्रम को लेकर समिति द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। आयोजन स्थल पर मंच निर्माण, साज-सज्जा, बैठक व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम को यादगार और आकर्षक बनाने के लिए समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य लगातार जुटे हुए हैं।
बौद्ध कल्याण समिति के अध्यक्ष राजू बारमाटे ने जानकारी देते हुए बताया कि संविधान दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि भारतीय संविधान के मूल्यों, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों तथा सामाजिक समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दिन है।
उन्होंने बताया कि 26 नवम्बर को भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली जाएगी तथा 27 नवम्बर को मंचीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें फैजान ताज की प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहेगी। उन्होंने समस्त सामाजिक बंधुओं, युवाओं, महिलाओं एवं नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।




