Home samachar सरकारी अस्पताल में मरीजों की अनदेखी, निजी अस्पताल में कमाई का खेल?...

सरकारी अस्पताल में मरीजों की अनदेखी, निजी अस्पताल में कमाई का खेल? दो डॉक्टरों के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस मीडिया पैनलिस्ट ने उठाई आवाज, निष्पक्ष जांच की मांग..

16

जिला अस्पताल से अर्पण हॉस्पिटल में मरीजों को भेजने और निजी प्रैक्टिस के लगाए गंभीर आरोप, अभिमन्यु मिश्रा साथियों सहित पहुंचे कलेक्टर कार्यालय

राजनांदगांव (दावा)। जिला अस्पताल राजनांदगांव में पदस्थ दो चिकित्सकों द्वारा शासकीय सेवाओं के नियमों के विपरीत निजी अस्पताल अर्पण हॉस्पिटल, मोहरा रोड में मरीजों को भर्ती कराने और निजी प्रैक्टिस किए जाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इस संबंध में आज मीडिया पैनलिस्ट छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अभिमन्यु मिश्रा के नेतृत्व में साथियों सहित जिला कलेक्टर को दो अलग-अलग शिकायत पत्र सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषी पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई। कलेक्टर को सौंपे गए पहले शिकायत पत्र में जिला अस्पताल में पदस्थ प्रसूति एवं स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. तरुण कोठारी पर आरोप लगाया गया है कि वे सरकारी अस्पताल में प्रसव एवं बच्चेदानी की सर्जरी के लिए आने वाली महिलाओं और प्रसूताओं को अपने निजी क्लिनिक तथा अर्पण हॉस्पिटल में भर्ती होने के लिए प्रेरित करते हैं। शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि मरीजों को सरकारी अस्पताल में उचित उपचार एवं समय नहीं दिया जाता तथा सर्जरी के लिए निजी अस्पताल आने का दबाव बनाया जाता है। रात में जिला अस्पताल में सर्जरी नहीं करने और मेडिकल कॉलेज रेफर करने की बात कहकर मरीजों को निजी अस्पताल जाने के लिए प्रेरित किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

वहीं दूसरे शिकायत पत्र में जिला अस्पताल में पदस्थ मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. खुमान मांडवी पर निजी अस्पताल अर्पण हॉस्पिटल में मरीजों को भर्ती कराने और निजी प्रैक्टिस करने के आरोप लगाए गए हैं। शिकायत में अस्पताल के पंजीयन एवं आयुष्मान योजना से संबंधित दस्तावेजों में दूसरे चिकित्सक का नाम इस्तेमाल किए जाने तथा संबंधित चिकित्सक के वास्तविक कार्यस्थल को लेकर भी जांच की मांग की गई है। अभिमन्यु मिश्रा ने कहा कि सरकारी अस्पताल आम जनता, विशेषकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का सबसे बड़ा सहारा है। वहां पदस्थ इन दो डॉक्टरों की शिकायत लगातार हमारे पास आ रही हैं, यदि शासकीय अस्पताल में पदस्थ चिकित्सक अपने पद और जिम्मेदारी का उपयोग मरीजों को निजी अस्पतालों में भेजने के लिए कर रहे हैं, तो यह बेहद गंभीर विषय है। सरकारी अस्पताल में बेहतर इलाज पाने का अधिकार हर नागरिक को है। किसी भी मरीज को निजी अस्पताल में इलाज कराने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए।

अभिमन्यु मिश्रा ने जिला प्रशासन से मांग की कि इस मामले को केवल औपचारिक शिकायत मानकर नजरअंदाज न किया जाए, बल्कि मरीजों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए समयबद्ध जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर को शिकायत सौंपने के दौरान अभिमन्यु मिश्रा (मीडिया पैनलिस्ट, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी) के साथ पूर्णांक सहारे, वैभव वाडेकर, विमर्श तिवारी, स्वप्निल अग्रहरि सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।

आपदा प्रभावितों को सहायता अनुदान राशि स्वीकृत
राजनांदगांव (दावा)। कलेक्टर जितेन्द्र यादव द्वारा दैवीय विपत्तियों के संबंध में राहत मद अंतर्गत आपदा प्रभावितों को स्वीकृत सहायता अनुदान राशि का भुगतान हेतु तहसीलदारों को उपलब्ध कराया गया है। डोंगरगांव तहसील अंतर्गत सर्पदंश से एक जनहानि एवं राजनांदगांव तहसील अंतर्गत नदी के पानी में डूबने से एक जनहानि होने पर उनके आश्रितों को 4-4 लाख रूपए की सहायता अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here