Home samachar इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार,...

इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाकर अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार, एक अपचारी बालक भी निरुद्ध…

17

चैट जीपीटी की मदद से एडिट किए थे फोटो और वीडियो, घटना में प्रयुक्त मोबाइल जब्त

राजनांदगांव (दावा)। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर युवती के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर उसकी एडिटेड अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने के मामले में चिखली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस कृत्य में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लेकर किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं।

चिखली चौकी प्रभारी ने बताया कि 17 नवंबर को प्रार्थिया ने चौकी में उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। प्रार्थियां के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसकी फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर अश्लील फोटो स्टोरी पर लगाई जा रही थी और उसके दोस्तों को शेयर की जा रही थी। आरोपी पहचान छिपाने के लिए लगातार अकाउंट का यूजर नेम भी बदल रहा था। शिकायत पर पुलिस ने धारा 79 बीएनएस तथा आईटी एक्ट की धारा 67 व 67(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।

साइबर सेल की मदद से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में चौकी चिखली और साइबर सेल की टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाए। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध विधि से संघर्षरत बालक और मुख्य आरोपी पूनम चंद वर्मा पिता रामसुख वर्मा (26 वर्ष), निवासी ग्राम गोपालपुर, थाना घुमका को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पूनम चंद वर्मा ने विधि से संघर्षरत बालक के साथ मिलकर मोबाइल में चैट जीपीटी के माध्यम से प्रार्थिया के फोटो और वीडियो को एडिट कर अश्लील बनाया और फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए स्टेटस में लगाकर लोगों को भेजा। अपराध सिद्ध पाए जाने पर पुलिस ने दोनों के मोबाइल जब्त किए। मुख्य आरोपी पूनम चंद वर्मा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, वहीं विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड के आदेशानुसार बाल संप्रेषण गृह भेजा गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here