Home samachar खराब बारदानों में धान खरीदी पर कलेक्टर सख्त, समिति प्रबंधक को हटाने...

खराब बारदानों में धान खरीदी पर कलेक्टर सख्त, समिति प्रबंधक को हटाने के निर्देश..

11

मोहला-मानपुर जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था में लापरवाही को लेकर कलेक्टर तनुजा सलाम ने कड़ा रुख अपनाया है। धान उपार्जन केंद्र माडिंगपिडिंग में खराब गुणवत्ता के बारदानों में धान खरीदी किए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित समिति प्रबंधक को हटाने के निर्देश दिए हैं। वहीं रेंगाकठेरा और आलकन्हर उपार्जन केंद्रों से 40 हजार खराब बारदानों को मिलर्स को वापस कराया गया है। इसके अलावा निर्धारित मापदंड से कम और अधिक वजन मिलने पर संबंधित समितियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।
दरअसल, 24 नवंबर को कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने गोटाटोला, रेंगाकठेरा, आलकन्हर, माडिंगपिडिंग एवं मोहला धान उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने धान खरीदी व्यवस्था, बारदानों की गुणवत्ता और तौल प्रक्रिया का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान माडिंगपिडिंग केंद्र में खराब गुणवत्ता के बारदानों में धान खरीदी किए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित समिति प्रबंधक को हटाने की कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं रेंगाकठेरा और आलकन्हर केंद्रों में दुर्ग के मिलर्स से प्राप्त बारदानों की जांच में गुणवत्ता निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाई गई। इसके बाद दोनों समितियों से कुल 40 हजार खराब बारदानों को संबंधित मिलर्स को वापस कराया गया।
कलेक्टर ने विभिन्न उपार्जन केंद्रों में धान की बोरियों का वजन भी जांचा। कुछ बोरियों में निर्धारित मापदंड से कम और अधिक वजन मिलने पर संबंधित समितियों को नोटिस जारी कर जवाब मांगने के निर्देश दिए। कलेक्टर तनुजा सलाम: धान खरीदी में पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण बारदाने और निर्धारित वजन सुनिश्चित करने के निर्देश।
कलेक्टर तनुजा सलाम ने अधिकारियों को जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों का सघन निरीक्षण कर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here