Home samachar ठेकेदार द्वारा लगाए गए आरोप निराधार, मेरे राजनीतिक और सामाजिक जीवन को...

ठेकेदार द्वारा लगाए गए आरोप निराधार, मेरे राजनीतिक और सामाजिक जीवन को बदनाम करने का प्रयास- भरत वर्मा…

18

गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा, जनता के हित में घटिया निर्माण के खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी- भरत वर्मा

राजनांदगांव (दावा)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष भरत वर्मा ने ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा उनके विरुद्ध की गई आर्थिक शिकायत को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा कि यह उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक जीवन की छवि धूमिल करने का सुनियोजित प्रयास है, जिसका वे उचित और करारा जवाब देंगे।

श्री वर्मा ने पूरे घटनाक्रम पर अपनी बात रखते हुए कहा कि धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सडक़ निर्माण में गंभीर अनियमितता देखी। सडक़ निर्माण में मुरूम के स्थान पर मिट्टी का उपयोग किया जा रहा था, जो स्पष्ट रूप से गुणवत्ता के साथ खिलवाड़ है। इस पर उन्होंने आपत्ति दर्ज कराते हुए कर्मचारियों को निर्देशित किया कि उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारी को बुलाया है, इसलिए अधिकारी के आने तक मिट्टी न फैलाई जाए। लेकिन जब वे वापस लौटकर आए तो वहां मिट्टी फैलाई जा चुकी थी। इस संबंध में पूछताछ करने पर कर्मचारियों ने अभद्र व्यवहार किया और जो करना है कर लो जैसी बातें कहीं। उनके इस रवैये से आक्रोशित होकर उन्होंने कर्मचारियों को फटकार लगाई। श्री वर्मा ने कहा कि इसके बाद ठेकेदार के कर्मचारियों द्वारा उनके विरुद्ध थाने में शिकायत दर्ज कराना दुर्भाग्यपूर्ण है। यह पूरी तरह निराधार आरोप लगाकर उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं तथा प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण संगठनात्मक दायित्व का निर्वहन भी कर चुके हैं। उनके सार्वजनिक जीवन में आज तक किसी ने उनकी निष्ठा और कार्यशैली पर सवाल नहीं उठाया।श्री वर्मा ने कहा कि कुछ माह पूर्व भी उन्होंने कवर्धा से मानपुर मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता संबंधी शिकायत की थी, जिसके बाद जांच समिति गठित की गई थी। इसके बावजूद ठेकेदार द्वारा घटिया सामग्री का उपयोग कर गुणवत्ताहीन निर्माण किया जाना गंभीर चिंता का विषय है। जनता के धन से बनने वाली सडक़ों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनका विरोध किसी व्यक्ति विशेष से नहीं, बल्कि घटिया निर्माण और जनता के हितों के साथ किए जा रहे खिलवाड़ से है। ठेकेदार को निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुधारनी ही होगी। जब तक सडक़ का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं होता, तब तक वे जनहित में अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

श्री वर्मा ने दो टूक शब्दों में कहा कि निराधार आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिशों से वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। जनता के हित, सरकारी धन की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के लिए उनकी लड़ाई जारी रहेगी। गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here