Home samachar संविधान रक्षा मार्च में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सैकड़ों पदाधिकारी और...

संविधान रक्षा मार्च में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता होंगे शामिल…

29

जितेंद्र मुदलियार ने कहा- संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज उठाने की जरूरत

राजनांदगांव (दावा)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान के तहत 26 नवंबर को राजधानी रायपुर में आयोजित राज्यस्तरीय ‘संविधान रक्षा मार्च’ में शहर जिला कांग्रेस कमेटी के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल होंगे। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार के नेतृत्व में कांग्रेसजन रायपुर पहुंचकर मार्च में सहभागिता करेंगे। यह मार्च सुबह 11 बजे राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान से प्रारंभ होकर अंबेडकर चौक तक पहुंचेगा। इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं विभिन्न जिलों के कांग्रेसजन शामिल होंगे।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, समानता, स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार है। आज संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा के लिए कांग्रेस के प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के माध्यम से मताधिकार की रक्षा और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने शहर जिला कांग्रेस के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के सदस्यों से अधिक से अधिक संख्या में रायपुर पहुंचकर संविधान रक्षा मार्च को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा संविधान, लोकतंत्र और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। यह मार्च उसी संकल्प को और मजबूत करने का अवसर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here