Home samachar कोतवाली थाने की अभिरक्षा से लूट के दो आरोपी फरार, लापरवाही पर...

कोतवाली थाने की अभिरक्षा से लूट के दो आरोपी फरार, लापरवाही पर एसपी ने तीन आरक्षकों को किया निलंबित

23

राजनांदगांव। कोतवाली थाना पुलिस की अभिरक्षा से लूट के दो आरोपियों के फरार होने के गंभीर मामले में पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा ने कड़ी कार्रवाई की है। कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और उदासीनता बरतने पर कोतवाली थाने में पदस्थ तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध (लाइन अटैच) कर दिया गया है।

कैसे फरार हुए आरोपी?

कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला-राजनांदगांव से दिनांक 26 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, थाना कोतवाली के अपराध क्रमांक 732/2026 (धारा 309(6), 3(5) बीएनएस) एवं अपराध क्रमांक 733/2026 (धारा 309(4), 3(5) बीएनएस) के दो संदेही आरोपियों विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू को 25 नवंबर 2026 को पूछताछ के लिए थाने लाया गया था। पूछताछ में दोनों ने अपराध करना स्वीकार करते हुए लूटे गए मोबाइल और नकदी अपने घर में छिपाकर रखने की बात कबूली थी।

रात होने के कारण दोनों आरोपियों को हथकड़ी लगाकर थाने में रखा गया था। इनकी सुरक्षा के लिए आरक्षक क्रमांक 1187 नितेश ध्रुव एवं आरक्षक क्रमांक 1749 किशन देवांगन की ड्यूटी लगाई गई थी, जबकि रात्रि थाना हाजिरी ड्यूटी पर आरक्षक क्रमांक 498 दुर्गेश साहू तैनात थे। ड्यूटी पर तैनात जवानों की लापरवाही का फायदा उठाकर 26 नवंबर 2026 की सुबह लगभग 7:00 बजे दोनों आरोपी विशाल बांसफोड़ और राजेश साहू पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गए।

एसपी ने की सख्त कार्रवाई, 7 दिन में मांगी रिपोर्ट

एसपी अंकिता शर्मा ने इसे कार्य के प्रति लापरवाही और विभाग की छवि धूमिल करने वाला कृत्य मानते हुए तीनों आरक्षकों (नितेश ध्रुव, किशन देवांगन और दुर्गेश साहू) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा, लेकिन बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर पाबंदी रहेगी और तीनों गणना में उपस्थिति अनिवार्य होगी।

इसके साथ ही, पूरे प्रकरण की प्राथमिक जांच के लिए उप पुलिस अधीक्षक (अजाक/क्राईम) श्री सत्यप्रकाश तिवारी को निर्देशित किया गया है कि वे 07 दिनों के भीतर जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here