राजनांदगांव। पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने और गंभीर आचरण उल्लंघन के मामले में राजनांदगांव पुलिस अधीक्षक (SP) अंकिता शर्मा ने सख्त कार्रवाई करते हुए बोरतलाव थाने में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) गोकुल सोनकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
क्या है पूरा मामला?
कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला-राजनांदगांव से दिनांक 26 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार, बोरतलाव थाना क्षेत्र के एक आवेदक द्वारा सउनि गोकुल सोनकर के विरुद्ध रुपयों के लेनदेन के संबंध में लिखित शिकायत की गई थी। शिकायत की जांच में प्रथम दृष्टया लगाए गए आरोप गंभीर एवं तथ्यात्मक पाए गए।
विभाग की छवि धूमिल करने पर गिरी गाज
एसपी ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि संबंधित अधिकारी का यह कृत्य गंभीर आचरण उल्लंघन का परिचायक है, जिससे पुलिस विभाग की छवि धूमिल होती है। इसी आधार पर सउनि गोकुल सोनकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र राजनांदगांव संबद्ध (लाइन अटैच) किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी, लेकिन वे बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे और तीनों गणना में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
7 दिन में मांगी गई जांच रिपोर्ट
इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के लिए पुलिस अनुविभागीय अधिकारी (SDOP), डोंगरगढ़ श्री केशरीनंदन नायक को निर्देशित किया गया है कि वे मामले की प्राथमिक जांच कर 07 दिवस के भीतर जांच प्रतिवेदन (रिपोर्ट) प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।

