Home samachar संविधान की भावना को समझना और उसका संरक्षण करना हम सभी का...

संविधान की भावना को समझना और उसका संरक्षण करना हम सभी का दायित्व- कलेक्टर जितेन्द्र यादव….

14

संविधान दिवस समारोह का भव्य आयोजन
राजनांदगांव (दावा)। पंडित किशोरीलाल शुक्ल विधि महाविद्यालय, राजनांदगांव में 26 नवम्बर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर एक विशेष समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजनांदगांव जिले के कलेक्टर माननीय जितेन्द्र यादव उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं संविधान की महत्ता के स्मरण के साथ हुआ। इस अवसर पर नांदगांव शिक्षा मंडल के उपाध्यक्ष श्री किशन खंडेलवाल ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि राजनांदगांव को जितेन्द्र यादव जैसे युवा, ऊर्जावान एवं दूरदर्शी नेतृत्व वाले कलेक्टर का मिलना हम सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है।
मुख्य अतिथि जितेन्द्र यादव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान को केवल उसके लिखित शब्दों तक सीमित करके नहीं देखना चाहिए, बल्कि उसकी व्याख्या सदैव उस मूल भावना और उद्देश्य के अंनुरूप होनी चाहिए, जिसके लिए उसका निर्माण किया गया था। संविधान की मूल भावना, आदर्शों एवं मूल्यों को बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व और जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान के प्रति जागरूक रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में लोकतांत्रिक मूल्यों को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर महोदय ने अपने उद्बोधन में प्रजातंत्र के चार प्रमुख स्तंभों—जनप्रतिनिधि अर्थात सरकार, ब्यूरोक्रेसी, न्यायपालिका एवं समाचार पत्रों—की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि सच्चे प्रजातंत्र की रक्षा और उसे सशक्त बनाने की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। साथ ही उन्होंने समाज मेंलैंगिक समानता(Gender Equality)को बढ़ावा देने तथा समान अधिकारों और अवसरों को सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए भी प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि लॉ फेस्ट जैसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा एवं व्यक्तित्व के बहुआयामी विकास का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों में विधि संबंधी गतिविधियों के साथ-साथ गायन, नृत्य, अभिनय एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी अभिव्यक्ति का अवसर मिलता है। शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है।
कार्यक्रम में नांदगांव शिक्षा मंडल के उपाध्यक्ष श्रीकिशन खंडेलवाल, कोषाध्यक्ष कमलेश उभरानी, अशोक कोटाडिया, महेंद्र लुनिया, मंडल के अन्य गणमान्य सदस्य, प्रशासक डॉ. आर.एन. सिंह एवं महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. निमिषा मिश्रा उपस्थित रहे।

इस अवसर पर महाविद्यालय में दो दिवसीय लॉ फेस्ट का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य विधि के विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ मनोरंजन एवं रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से संविधान, अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है। इस दो दिवसीय आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में विधि विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुतमॉक पार्लियामेंट (संसद का प्रतिरूप)एवंक्राइम सीन इन्वेस्टिगेशन (अपराध स्थल की वैज्ञानिक एवं विधिकजांच)जैसी गतिविधियां शामिल हैं।

प्राचार्य डॉ. निमिषा मिश्रा ने समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि हमारे लोकतंत्र की आत्मा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान के मूल्यों, अधिकारों एवं कर्तव्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा एक जागरूक, जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक के रूप में राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विधि के विद्यार्थियों पर संविधान की गरिमा एवं संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण की विशेष जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का समापन अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here