Home samachar निर्माण सामग्री के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले सप्लायर को 2 साल...

निर्माण सामग्री के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले सप्लायर को 2 साल सश्रम कारावास, ₹1.60 लाख मुआवजे का आदेश…

13

राजनांदगांव (दावा)। अपीलीय न्यायालय ने निर्माण सामग्री के नाम पर 1.60 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में निचली अदालत के दोषमुक्ति आदेश को पलटते हुए आरोपी को दो वर्ष के सश्रम कारावास और 1,60,500 रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है. तृतीय अपर सत्र न्यायाधीश ज्योति अग्रवाल ने 26 नवंबर 2026 को यह फैसला सुनाया.

जिला लोक अभियोजक राजेश खांडेकर के अनुसार, प्रार्थी विजेन्द्र जैन ने 3 मई 2023 को मकान निर्माण के लिए मटेरियल सप्लायर दीपक वर्मा से सीमेंट और सरिया खरीदी शुरू की थी. शुरुआत में सप्लाई किए गए सामान का भुगतान प्रार्थी ने किया. इसके बाद दीपक वर्मा ने फोन कर बताया कि ट्रक एसोसिएशन की हड़ताल के कारण सरिया और सीमेंट के दाम बढ़ने वाले हैं, इसलिए पहले से सामान बुक कर दिया जाए. उनकी बातों में आकर विजेन्द्र जैन ने वाट्सअप पर भेजे गए क्यूआर कोड के जरिए फोन पे से 23 सितंबर 2021 को 1,00,000 रुपये और 24 सितंबर 2021 को 60,000 रुपये ट्रांसफर किए.

काफी समय तक निर्माण सामग्री नहीं मिलने और बार-बार तकादा करने पर दीपक वर्मा ने प्रार्थी को ईसाफ बैंक का 1,60,000 रुपये का चेक दिया, जिस पर दीपक वर्मा के हस्ताक्षर थे, लेकिन खाताधारक का नाम दर्ज नहीं था. बैंक में चेक लगाने पर जानकारी मिली कि वह खाता दीपक वर्मा का न होकर जागेश्वर जंघेल का है तथा अपर्याप्त राशि और हस्ताक्षर मिलान न होने के कारण चेक बाउंस हो गया.

प्रार्थी की लिखित शिकायत पर बसंतपुर थाने में मामला दर्ज कर विवेचना के बाद भादवि की धारा 406, 419, 420, 467, 468 और 471 के तहत चालान पेश किया गया. न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, राजनांदगांव ने 6 मई 2024 को आरोप सिद्ध न होने के आधार पर आरोपी को दोषमुक्त कर दिया था. इसके खिलाफ शासन की ओर से सत्र न्यायालय में अपील दायर की गई थी.

अपील की सुनवाई के बाद न्यायालय ने ग्राम पलान्दुर (चौकी मोहारा, थाना डोंगरगढ़) निवासी दीपक वर्मा पिता मदान वर्मा (35) को धारा 420 के तहत दो वर्ष के सश्रम कारावास और 1,60,500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया. अर्थदंड अदा न करने पर 6 माह का अतिरिक्त सश्रम कारावास भुगतना होगा. साथ ही क्षतिपूर्ति के रूप में प्रार्थी विजेन्द्र जैन को 1,60,000 रुपये देने का आदेश दिया गया है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here