गुंजायमान हुआ जय-जय श्री राम का नारा, हनुमान जन्मोत्सव
पर्व का बिखरा उल्लास
महापौर मधुसूदन यादव व नीलू शर्मा बाइक रैली में हुए शामिल
राजनांदगांव (दावा)। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के अनन्य भक्त वीरवर हनुमान जयंती के एक दिन पूर्व शहर में धूमधाम के साथ भव्य मोटर सायकल रैली निकाली गई। हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में शहर में निकाली गई मोटर सायकल रैली में लोगों का उल्लास उत्साह देखते ही बनता था। जय श्री राम अंकित हिंदू धर्म ध्वजा लहराते हुए निकली हनुमान भक्तों की टोली अपने मोटर सायकल में जय-जय श्री राम का उच्चारण करते हुए पूरे शहर को गुंजायमान कर रहे थे।
हनुमान जी की हुई पूजा- अर्चना
श्री हनुमान जयंती आयोजन समिति द्वारा शुक्रवार दोपहर म्यूनिसिपल स्कूल ग्राउंड से मोटर सायकल रैली निकाले जाने से पूर्व महापौर मधुसूदन यादव द्वारा हनुमान जी की पूजा अर्चना की गई।
इस दौरान पूर्व उर्जा मंत्री धनेश पाटिला, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक चौधरी, पूर्व नगर निगम सभापति रमेश डाकलिया, दाऊ सुरेंद्र वैष्णव, राजेंद्र यादव (गुरुजी) झम्मन देवांगन पंकज गुप्ता, सतीश वैष्णव, राजू भाई आदि सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।
भगवान हनुमान की पूजा अर्चना पश्चात भव्य रुप से निकाली गई मोटर सायकल रैली में शहर के महापौर मधुसूदन यादव, पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, नगर निगम के पूर्व अध्यक्ष शिव वर्मा जहां दल-बल के साथ शामिल हुए, वहीं उपरोक्त जनों सहित हिंदू संगठन, बजरंग दल के अनूप श्रीवास, ओम बाबा सहित बड़ी संख्या में लोग मोटर सायकल रैली के अंग बने रहे।
रैली का धूमधाम से हुआ शहर भ्रमण
म्युनिसिपल स्कूल मैदान से धूमधाम के साथ निकाली गई हनुमान जन्मोत्सव मोटर सायकल रैली का गुरुद्वारा चौक मानव मंदिर चौक, गांधी चौक, सदर बाजार लाइन, भारत माता चौक, कामठी लाइन आदि सहित अन्य देशों का भ्रमण किया गया वहीं शहर के तुलसीपुर, ममता नगर स्टेडियम रोड कौरिनभाठा, नंदई, गंज चौक, गंज लाइन, रामाधीन मार्ग आदि में मोटर साइकिल रैली की धूम रही। शहर भ्रमण के पश्चात रैली का समापन पुन: म्युनिसिपल स्कूल मैदान पहुंचने पर किया गया। हनुमान जन्मोत्सव पर्व पर शहर में निकाली गई मोटर सायकल रैली की धूम रही वहीं भक्तों में जमकर उल्लास बिखरा रहा।



