‘दावा’ समाचार के खबर का असर
डोंगरगढ़(दावा)। जनपद पंचायत डोंगरगढ़ के निर्वाचित पदाधिकारी को संरक्षण देकर आर्थिक लाभ के लिए अवैध कार्य करवाने का मामला प्रकाश में आया है। इसकी जानकारी होते ही जिला पंचायत सीईओ द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों पर कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वच्छता के नाम से डोंगरगढ़ जनपद के अंतर्गत आने वाले 102 ग्राम पंचायत में अवैध रूप से सामग्री की सप्लाई की गई थी।
मामले का खुलासा दैनिक दावा समाचार पत्र की ओर से होते ही ,जिला पंचायत सीईओ द्वारा जनपद पंचायत सीईओ भगवती साहू से विस्तृत जानकारी ली गई।जिसके आधार पर तत्काल प्रभाव से डोंगरगढ़ जनपद पंचायत के वरिष्ठ करारोपण अधिकारी छत्रपाल ठाकुर को राजनांदगांव जिला पंचायत में अटैच किया गया है। श्री ठाकुर को जनपद पंचायत डोंगरगढ़ की ओर से रिलीव भी कर दिया गया। चर्चा के दौरान जनपद पंचायत सीईओ भगवती साहू ने पुन: कहा है कि, जनपद पंचायत की ओर से सभी सचिव और सरपंचों से अपनी जिम्मेदारी में ही सप्लाई की गई सामग्री का उपयोग करने या नहीं करने की बात कही गई है।
प्रत्येक पंचायत में 12 हजार रुपए की स्वच्छता सामग्री की सप्लाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार डोंगरगढ़ जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले 102 ग्राम पंचायत में 12 हजार रुपए के हिसाब से अवैध रूप से स्वच्छता सामग्री की सप्लाई की गई थी। जनपद के वरिष्ठ अधिकारी के संरक्षण में स्वच्छता सामग्री की सप्लाई जनपद अध्यक्ष के भाई द्वारा किए जाने की बात सामने आई है। इसमें एक वरिष्ठ सचिव को भी विश्वास में लेकर अवैध कार्य को अंजाम दिया गया था।



