(यतेंद्र जीत सिंह “छोटू”) खैरागढ़: नगर पालिका परिषद खैरागढ़ में सोशल मीडिया और वेब पोर्टल पर संगठन द्वारा नेता प्रतिपक्ष बदले जाने की खबर सामने आने के बाद वर्तमान नेता प्रतिपक्ष व पार्षद दीपक देवांगन ने कड़ा बयान जारी किया है।
उन्होंने कहा कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा किसी भी प्रकार की बैठक पार्षदों को नहीं बुलाई गई।। मुझे भी बैठक की कोई जानकारी नहीं दी गई।। जब मैंने स्वयं कांग्रेस पार्षदों से फोन पर बात की तो उन्होंने भी बैठक आयोजित होने से साफ इंकार किया।
एक महिला पार्षद से कोरे लेटर पैड पर घर जाकर हस्ताक्षर करवाए गए: दीपक देवांगन
दीपक देवांगन ने आरोप लगाया कि एक महिला पार्षद से कोरे लेटर पैड पर घर जाकर हस्ताक्षर करवाए गए हैं, वहीं कई पार्षदों ने उन्हें हटाए जाने की जानकारी से साफ इनकार किया है। उन्होंने बताया कि इस पूरे प्रकरण को लेकर वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से मुलाकात कर जांच की मांग करेंगे। भाजपा सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने वाले हैं लेकिन अभी तक एक भी वरोध प्रदर्शन नहीं हुआ,शहर कांग्रेस अध्यक्ष के ऊपर आरोप
उन्होंने शहर कांग्रेस अध्यक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे हो गए हैं, लेकिन संगठन की ओर से अब तक एक भी विरोध प्रदर्शन नहीं किया गया। नगर पालिका में भाजपा सरकार होने के बावजूद आज तक कोई विरोध दर्ज नहीं हुआ। यदि शहर अध्यक्ष ने कभी कोई विरोध प्रदर्शन या बयान दिया हो तो प्रमाण प्रस्तुत करें।
नगर की जनता जानती है, लगातार शहर के विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहा हूं
दीपक देवांगन ने कहा कि नगर की जनता जानती है कि मैं लगातार शहर के विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहा हूं। जनहित, विकास और आम जनता की आवाज बनकर मैंने हमेशा काम किया है। कुछ कांग्रेस नेता अपनी गिरती लोकप्रियता को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन हम जमीन से जुड़े कार्यकर्ता हैं और जनता के बीच लगातार सक्रिय हैं। जनता हमें जानती है और हमारे काम से संतुष्ट है। छोटे-बड़े हर मुद्दे पर मैं जनता के बीच जाकर उनकी लड़ाई लड़ रहा हूं और यह भूमिका आगे भी निभाता रहूंगा।
मेरी लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक है और आगे भी जारी रहेगी।
बिना बैठक किए दीपक देवांगन को हटाने की घोषणा अनुचित है : विधायक यशोदा
इस विषय पर क्षेत्र की लोकप्रिय विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने स्पष्ट कहा है कि उनकी जानकारी के बिना बैठक कर दीपक देवांगन को हटाने की घोषणा अनुचित है। वर्तमान में दीपक देवांगन ही नगर पालिका में नेता प्रतिपक्ष का दायित्व संभालेंगे।
अंत में दीपक देवांगन ने कहा कि सबसे बड़ी बात यह है कि मेरे साथ ऐसा व्यवहार केवल इसलिए किया जा रहा है क्योंकि मैं विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा का करीबी हूँ। शहर कांग्रेस अध्यक्ष का व्यक्तिगत विरोध एवं व्यावसायिक मतभेद विधायक से बने हुए हैं। इसी कारण मेरे विरुद्ध कार्यवाही कर मुझे पद से हटाने की बात की जा रही है।



