3 साल से बंद है फाटक नंबर 460, संकीर्ण ओवरब्रिज पर जाम और हादसों से त्रस्त हजारों नागरिक सडक़ों पर उतरे
राजनांदगांव (दावा)। शहर के स्टेशनपारा स्थित रेलवे फाटक क्रमांक 460 पर अधूरे अंडरब्रिज निर्माण और यातायात की बदहाली को लेकर क्षेत्रवासियों का धैर्य जवाब दे गया। कांग्रेस नेता आसिफ अली के नेतृत्व में गुरुवार को सैकड़ों नागरिकों ने रेलवे स्टेशन परिसर का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्य जल्द पूरा नहीं हुआ, तो आगामी दिनों में उग्र चक्काजाम किया जाएगा। स्टेशनपारा, शिक्षक नगर, रामनगर, शंकरपुर, शांति नगर, ढाबा, और बोरी जैसे घनी आबादी वाले इलाकों के हजारों लोग प्रतिदिन खैरागढ़-राजनांदगांव मुख्य मार्ग का उपयोग करते हैं। फाटक बंद होने के कारण सारा दबाव एकमात्र संकीर्ण ओवरब्रिज पर आ गया है। यहां आए दिन भीषण जाम लगता है और संकीर्ण मार्ग होने के कारण लगातार हो रही दुर्घटनाओं में कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।
3 साल से अधूरा काम, जान जोखिम में डाल रहे मासूम
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आसिफ अली ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से अंडरब्रिज निर्माण के नाम पर फाटक को बंद रखा गया है, लेकिन काम आज भी अधूरा है। उन्होंने कहा कि रेलवे की इस लापरवाही के कारण महिलाएं, बुजुर्ग और स्कूली बच्चे अपनी जान जोखिम में डालकर आवागमन को मजबूर हैं। यदि भविष्य में कोई जनहानि होती है, तो इसकी पूरी जवाबदेही रेलवे प्रबंधन की होगी।
स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन, मिला आश्वासन
प्रदर्शन के बाद दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मंडल अभियंता के नाम एक ज्ञापन स्टेशन मास्टर को सौंपा गया। इसकी प्रतियां जिलाधीश और पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई हैं। रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि वे उच्चाधिकारियों को वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे और निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने का प्रयास करेंगे। इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से पार्षद छोटे लाल रामटेके, अब्बास खान, विशाल गड़े, हितेश गोन्नाडे, हनीफ खान, परस लहरें, निरंजन पासवान, कृष्णा मेश्राम, बिल्किस खान, संतोषी नागवंशी, चमेली यादव सहित भारी संख्या में वार्डवासी और महिलाएं उपस्थित थी।



