Home छत्तीसगढ़ कल निकलेगी महाकाल पगड़ी यात्रा…

कल निकलेगी महाकाल पगड़ी यात्रा…

48
0

0 भोर से दो दिनों तक विशेष अनुष्ठान
0 भक्ति, परंपरा और अनुशासन का संगम बनेगा राजनांदगांव

राजनांदगांव। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर 15 फरवरी (रविवार) को राजनांदगांव में आस्था का सैलाब उमड़ेगा। प्रतिवर्ष निकलने वाली महाकाल पगड़ी यात्रा आज पूरे वैदिक विधि-विधान और परंपरागत स्वरूप में नगर भ्रमण पर निकलेगी। सुबह से ही मंदिरों में पूजा-अर्चना का दौर शुरू हो गया है, वहीं शाम को शहर महाकालमय हो जाएगा।

0 राजस्वरूप चंद्रमौलेश्वर के दर्शन को उमड़ेगा जनसैलाब
आज भगवान महाकाल अपने राजस्वरूप चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में नगर भ्रमण पर निकलेंगे। भक्त भगवा वेश में, हाथों में ध्वज-पताका लिए, हर-हर महादेव और जय श्री महाकाल के जयघोष के साथ यात्रा में सहभागी बनेंगे।

0 डीजे मुक्त, शुद्ध भक्ति पर आधारित यात्रा
इस वर्ष की महाकाल पगड़ी यात्रा की विशेषता यह है कि इसे पूर्णतः डीजे-मुक्त रखा गया है। यात्रा में केवल पारंपरिक वाद्य यंत्र, ढोल-नगाड़े, झांझ-मंजीरे और भजनों की गूंज सुनाई देगी। आयोजकों के अनुसार यह निर्णय भक्ति और अनुशासन को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से लिया गया है।

0 स्थानीय कलाकारों को मिला संपूर्ण मंच
यात्रा के दौरान अघोरी नृत्य, पंथी नृत्य, शिव तांडव की भावपूर्ण प्रस्तुति और भजन संध्या जैसी प्रस्तुतियाँ होंगी, जिन्हें पूरी तरह स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा। इससे क्षेत्रीय संस्कृति और प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी।

0 शिव-शक्ति और हरि-हर मिलन रहेगा विशेष आकर्षण
नगर भ्रमण के दौरान
काली माई मंदिर में शिव-शक्ति मिलन, सत्यनारायण मंदिर में हरि-हर मिलन, का दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अनुभव होगा, जो सनातन एकता का प्रतीक माना जाता है।

0 महाकाल मंदिर सिंघोला में दो दिवसीय विशेष पूजन
महाशिवरात्रि के अवसर पर महाकाल मंदिर सिंघोला में विशेष अनुष्ठानों की श्रृंखला तय की गई है—
15 फरवरी (रविवार):
रात्रि 03:00 बजे — विशेष भस्म अनुष्ठान, सुबह 04:30 बजे — भव्य श्रृंगार आरती।
16 फरवरी (सोमवार):
सुबह 07:00 बजे — सेहरा दर्शन, दोपहर 12:30 बजे — वर्ष में एक बार होने वाली विशेष भस्म आरती।

0 नंदई से सिंघोला तक तय मार्ग से गुजरेगी यात्रा
महाकाल पगड़ी यात्रा नंदई चौक से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अंततः महाकाल मंदिर सिंघोला पहुंचेगी, जहां यात्रा का विधिवत विश्राम होगा।

0 शांति और अनुशासन बनाए रखने की अपील
आयोजक समिति के संयोजक नीलू शर्मा एवं पवन डागा ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा को धार्मिक मर्यादा के अनुरूप शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराएं, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार के प्रदर्शन से बचें। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here