राजनांदगांव के विकास को बजट में मिली विभिन्न सौगातें, लगभग 1000 करोड़ से होगा जिले का चहुँमुखी विकास
जीवनदायिनी शिवनाथ के संरक्षण हेतु बजट में विशेष प्रावधान, तहसील कार्यालय बनेगा मार्डन, हाईस्कूलों का होगा उन्नयन
हॉकी स्टेडियम में लगेगी फ्लड लाईट, रानीसागर का होगा पुर्नविकास
राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव सरकार के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा 2026-2027 के लिये प्रस्तुत बजट को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने प्रदेश के चहुँमुखी विकास और विकसित छत्तीसगढ़ का रोड मैप बताया है। उन्होनें कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में प्रदेश सरकार का यह एक दूरदर्शी और जनहितैषी बजट साबित होगा। यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी और विष्णु के सुशासन का परिचायक है, वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इस वर्ष के बजट की थीम “संकल्प” रखी है जिसमें समावेशी विकास, अधोसंरचना, निवेश, कुशल मानव संसाधन, अन्त्योदय, लाइवलीहुड और पॉलिसी से परिणाम तक को प्राथमिकता देकर सभी वर्गों के हित को समाहित किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश सरकार ने “संकल्प-थीम” के साथ 1 लाख 72 हजार करोड़ रूपये का बजट पेश कर प्रदेश के सतत् विकास का खाका खींचा है। इसमें 05 प्रमुख मिशन शामिल किये गये है जिसमें मुख्यमंत्री ए.आई. मिशन, मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन, मुख्यमंत्री अधोसरंचना मिशन और मुख्यमंत्री स्टार्टअप और निपुण मिशन के लिये 100 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा प्रदेश में इन्फ्रास्ट्रक्चर, जल संवर्धन और किसानों को बजट में विशेष स्थान दिया गया है।
अपने विधानसभा के लिये बजट में रखे गये प्रावधानों की जानकारी देते हुये डॉ सिंह ने बताया कि राजनांदगांव जिले के विकास हेतु इस बजट में लगभग 1000 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। जीवनदायिनी शिवनाथ नदी के संरक्षण, संवर्धन एवं विकास हेतु इस बजट में लगभग 250 करोड़ रूपये की अलग-अलग प्रावधान किये गये है। इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अन्तर्गत 20 करोड़, स्कूल शिक्षा विभाग के अन्तर्गत 20 करोड़ रूपये, नगरीय प्रशासन विभाग के अन्तर्गत 60 करोड़, लोक निर्माण विभाग के अन्तर्गत लगभग 200 करोड़ रूपये के विकास कार्यों को जगह दी गई है। इस तरह बजट में राजनांदगांव जिले के विकास के लिये लगभग 1000 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है।
तहसील कार्यालय बनेगा मार्डन, हाईस्कूलों का होगा उन्नयन
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने बताया कि बजट में राजनांदगांव के तहसील कार्यालय को मॉर्डन रूप में विकसित करने के लिये 5 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। इसी तरह जिला कार्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण हेतु 1 करोड़, उप पंजीयक कार्यालय, डोंगरगढ़ के लिये 80 लाख, लोक निर्माण विभाग के संभागीय कार्यालय परिसर में स्टॉफ क्वार्टर के लिये 1 करोड़ 20 लाख, जिला न्यायालय के स्टॉफ क्वार्टर हेतु 5 करोड़ रूपये प्रदान किये गये है। इसी तरह हाईस्कूलों के उन्नयन हेतु बजट में राशि प्रदान की गई है। इसके अन्तर्गत ग्राम रानीतराई, धामनसरा, गोड़लवाही, बालक हायर सेकण्ड्री स्कूल लालबहादुर नगर के उन्नयन हेतु 75-75 लाख रूपये स्वीकृत किये गये है। इसके अलावा शासकीय महाविद्यालय अर्जुनी के लिये 4 करोड़ 65 लाख आवासीय महाविद्यालय राजनांदगांव हेतु 10 करोड़ एवं दिग्विजय कॉलेज बालक छात्रावास पेण्ड्री के लिये 60 लाख रूपये प्रदान किये गये है।
हॉकी स्टेडियम में लगेगी फ्लड लाईट, रानीसागर का होगा पुर्नविकास
बजट में खेल के लिये विशेष प्रावधान किये गये है। इसके अन्तर्गत हॉकी स्टेडियम राजनांदगांव में टर्फ रिप्लेसमेंट, विद्युतीकरण एवं फ्लड लाईट हेतु 8 करोड़ 80 लाख रूपये का प्रावधान रखा गया है। इसी तरह दिग्विजय स्टेडियम में इंडोर बैडमिंटन, बॉस्केटबॉल एवं अन्य सुविधाओं के विस्तार हेतु 6 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा राजनांदगांव में इंडस्ट्रीयल फैसिलीटेशन हेतु 20 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। इसी तरह राजनांदगांव के ऐतिहासिक रानी सागर एवं बूढासागर के पुनर्विकास हेतु बजट में 35 करोड़ रूपये का प्रावधान किया गया है। रेलवे क्रॉसिंग गौरीनगर से सरकारी प्रेस तक सड़क चौड़ीकरण के लिये 11 करोड़ रूपये दिये गये है।
इसके साथ ही, वर्ष 2026-27 के बजट में अधोसंरचना को मजबूती देते हुए 3 नवीन भवन निर्माण कार्यों हेतु लगभग 10 करोड़ 21 लाख रूपये से अधिक तथा 24 नवीन सड़क निर्माण कार्यों के लिए 8 करोड़ 81 लाख रूपयें से अधिक का प्रावधान किया गया है, जिससे क्षेत्रीय विकास और जनसुविधाओं को नई गति मिलेगी।
राजनांदगांव विधायक डॉ सिंह ने इस बजट को राजनांदगांव समेत पूरे प्रदेश के लिए विजनरी बजट बताते हुए कहा कि यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ की परिकल्पना को धरातल पर साकार करने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा। उन्होंने इस बजट के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और मार्गदर्शन व वित्त मंत्री ओपी चौधरी के परिश्रम और समर्पण पर धन्यवाद व्यक्त किया।


