Home छत्तीसगढ़ 1.72 लाख करोड़ का विकास संकल्प बजट उद्योगों को नई रफ्तार, 23...

1.72 लाख करोड़ का विकास संकल्प बजट उद्योगों को नई रफ्तार, 23 नए औद्योगिक पार्कों का ऐलान – आलोक बिंदल…

21
0

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा 24 फरवरी 2026 को विधानसभा में प्रस्तुत वर्ष 2026-27 का 1.72 लाख करोड़ रुपये का बजट प्रदेश के समग्र और संतुलित विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इस बजट में उद्योग, कृषि, आधारभूत संरचना और क्षेत्रीय संतुलन पर विशेष फोकस किया गया है।
छत्तीसगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक बिंदल ने बजट का स्वागत करते हुए कहा कि यह बजट सभी वर्गों और सभी क्षेत्रों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जिससे प्रदेश के सर्वांगीण विकास को नई गति मिलेगी। वर्ष 2026-27 के बजट में उद्योग क्षेत्र के लिए प्रावधान को तीन गुना बढ़ाकर 775 करोड़ रुपये कर दिया गया है। यह वृद्धि राज्य में औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में अहम मानी जा रही है। बजट की प्रमुख घोषणाएं इस प्रकार हैं प्रदेश में 23 नए औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे। उद्योगों को अनुदान के लिए 750 करोड़ रुपये का प्रावधान। बस्तर और रायपुर-राजनांदगांव क्षेत्र में आधुनिक इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण। इन प्रावधानों से न केवल बड़े उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि लघु और मध्यम उद्योगों को भी मजबूती मिलेगी। आलोक बिंदल ने कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार और राज्य में विष्णु देव साय के नेतृत्व में चल रही सरकार मिलकर छत्तीसगढ़ को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दोनों सरकारों के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत संरचनाओं का विकास तेज होगा, सड़क, बिजली और जल जैसी सुविधाओं में सुधार आएगा तथा कृषि और उद्योग क्षेत्र में विकास की रफ्तार और बढ़ेगी। बजट में कृषि क्षेत्र और ग्रामीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। इससे किसानों की आय में वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही आधारभूत संरचना के विकास से निवेश का वातावरण बेहतर होगा और प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। आलोक बिंदल ने कहा कि 1.72 लाख करोड़ रुपये का यह बजट छत्तीसगढ़ को औद्योगिक, कृषि और आधारभूत विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने वाला साबित होगा। उद्योगों के लिए बढ़ाया गया प्रावधान और नए औद्योगिक पार्कों की स्थापना राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ-साथ युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट प्रदेश को विकास की नई दिशा देने के साथ छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों की श्रेणी में खड़ा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here