बिहार की सियासत से सस्पेंस खत्म हो गया. नीतीश कुमार राज्यसभा जाएंगे या नहीं, अब तस्वीर साफ हो गई. खुद नीतीश कुमार ने ऐलान कर दिया है कि वह राज्यसभा जा रहे हैं. नीतीश कुमार ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स से पर इसकी घोषणा की. उन्होंने यह भी वादा किया कि बिहार के विकास में वह सहयोग करते रहेंगे. बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज यानी गुरुवार को कुछ देर में राज्यसभा चुनाव के लिए नॉमिनेशन पेपर फाइल करेंगे. अब सवाल है कि आखिर नीतीश कुमार सियासी सफर के आखिरी पड़ाव पर उच्च सदन का रुख क्यों कर रहे हैं? आखिर उन्हें पटना से अधिक दिल्ली का सियासी कॉरिडोर क्यों पसंद आ गया? आखिर उनकी कौन सी इच्छा थी, जिसे पूरा करने के लिए वह राज्यसभा जा रहे हैं?
दरअसल, इन सभी सवालों का जवाब खुद नीतीश कुमार के पोस्ट में छिपा है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट कर राज्यसभा जाने की चर्चाओं पर मुहर लगा दी है. इस ऐलान के साथ उन्होंने जो बातें लिखी हैं, उसमें ही उन्होंने राज्यसभा जाने का मकसद बताया है. उन्होंने बताया है कि आखिर उनकी इच्छा क्या थी और क्यों वह पटना से दिल्ली का रुख कर रहे हैं. हालांकि, इस दौरान उन्होंने बिहार वासियों को भरोसा दिलाया कि नई सरकार को उनका समर्थन मिलता रहेगा. सूत्रों की मानें तो नीतीश कुमार दोपहर 2 बजे राज्यसभा का नामांकन दाखिल करेंगे.
नीतीश की तमन्ना क्या
चलिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने का ऐलान वाला पोस्ट जानते हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपने संदेश में जनता के विश्वास और समर्थन के लिए आभार जताया और कहा कि वे इस बार राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार बनना चाहते हैं. उन्होंने लिखा कि उनकी शुरू से ही इच्छा थी कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बने. बस इसी इच्छा को पूरा करने के लिए वह राज्यसभा जा रहे हैं. नीतीश कुमार विधानसभा, विधान मंडल और लोकसभा का सदस्य रह चुके हैं. मगर उनके खाते में एक राज्यसभा वाला टिक नहीं हुआ था. अब वह उसे भी हासिल कर लेंगे.



