Home छत्तीसगढ़ इंस्पिरेशन-डे पर आईबी ग्रुप की बड़ी सौगात : किसानों, कर्मचारियों और समाज...

इंस्पिरेशन-डे पर आईबी ग्रुप की बड़ी सौगात : किसानों, कर्मचारियों और समाज के उत्थान के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का आगाज…

15
0

रायपुर (दावा)। देश के प्रतिष्ठित व्यावसायिक घरानों में शुमार आईबी ग्रुप ने 22 जून को अपने प्रबंध निदेशक बहादुर अली के जन्मदिवस को ‘इंस्पिरेशन डे‘ (प्रेरणा दिवस) के रूप में बेहद उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। इस विशेष अवसर पर समूह द्वारा कृषि, पोषण, कर्मचारी कल्याण, हरित ऊर्जा और खेल प्रोत्साहन से जुड़ी कई क्रांतिकारी घोषणाएं की गईं, जो ग्रामीण अर्थव्यवस्था और समाज को एक नई दिशा देने वाली साबित होंगी।

कम पानी की फसलों के लिए छत्तीसगढ़ शासन के साथ ऐतिहासिक एमओयू
खरीफ सीजन के दौरान पानी की बढ़ती किल्लत को देखते हुए आईबी ग्रुप और छत्तीसगढ़ शासन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत किसानों को कम पानी में उगने वाली वैकल्पिक फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। आईबी ग्रुप इन फसलों को किसानों से सीधे लाभकारी और बेहतर मूल्यों पर खरीदेगा, जिससे न सिर्फ जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा बल्कि किसानों की आय और मुनाफे में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी होगी।

कुपोषण के खिलाफ छिड़ेगा भारत प्रोटीन मिशन जन आंदोलन
इंस्पिरेशन डे के मौके पर समूह ने देशव्यापी ‘भारत प्रोटीन मिशन‘ की शुरुआत की। इस महत्वाकांक्षी अभियान के प्रमुख बिंदु इस प्रकार हैं। जिसमें देश के लगभग 400 गांवों में पूरे वर्ष (365 दिन) प्रोटीन जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। आईबी ग्रुप की 400 शाखाओं से जुड़े 25 से 30 हजार किसान इस मिशन का हिस्सा बनेंगे, जिनमें से अग्रणी किसान अपने क्षेत्र के ब्रांड एंबेसडर के रूप में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पोषण के प्रति जागरूक करेंगे। चिकन को एक सुलभ, किफायती और उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन स्रोत के रूप में स्थापित करना।

कर्मचारियों के कल्याण पर 12 करोड़ का निवेश, शुरू हुईं 3 नई योजनाएं
आईबी ग्रुप ने अपने जमीनी कर्मचारियों के सामाजिक और आर्थिक स्तर को सुधारने के लिए तीन बड़ी कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की है, जिसमें कंपनी करीब 12 करोड़ रुपये का निवेश करेगी। इसके तहत अगले दो वर्षों में फील्ड कर्मचारियों को आवागमन सुगम बनाने के लिए 400 मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई जाएंगी। जिस पर कंपनी 15 प्रतिशत की विशेष सब्सिडी देगी। 20,000 तक मासिक वेतन पाने वाले कर्मचारियों को दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की खरीद के लिए विशेष आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सोलर प्रोजेक्ट्स पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी के अलावा आईबी ग्रुप अपनी तरफ से 10 प्रतिशत अतिरिक्त सब्सिडी और जरूरत पडऩे पर वित्तीय सहयोग देगा।

ग्रामीण खेल प्रतिभाओं के लिए खुला अजीज फुटबॉल क्लब
कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी के तहत कंपनी ने अंडर-14 आयु वर्ग के बच्चों के लिए ‘अजीज फुटबॉल क्लब‘ की शुरुआत की है। इसके जरिए ग्रामीण और अर्द्धशहरी क्षेत्रों के प्रतिभावान बच्चों को फुटबॉल का पेशेवर प्रशिक्षण और विभिन्न क्लबों में खेलने के बेहतरीन अवसर प्रदान किए जाएंगे। कर्मचारियों और किसानों को संबोधित करते हुए एमडी बहादुर अली ने कहा कि हमारी सभी योजनाएं तभी सार्थक होंगी जब हमारा समाज स्वस्थ होगा। प्रोटीन शरीर के विकास के लिए अनिवार्य है, चाहे वह शाकाहारी स्रोतों से मिले या मांसाहारी स्रोतों से। भारत प्रोटीन मिशन का उद्देश्य केवल जागरूकता फैलाना नहीं, बल्कि देश को कुपोषण मुक्त और प्रोटीन संपन्न बनाने के लिए एक राष्ट्रव्यापी जन आंदोलन खड़ा करना है। इस भव्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण इंडियाज गॉट टैलेंट फेम सैंड आर्टिस्ट नितीश भारती रहे, जिन्होंने अपनी रेत कला के माध्यम से आईबी ग्रुप की स्थापना से लेकर आज तक के संघर्ष और सफलता की प्रेरणादायक यात्रा को जीवंत रूप में उकेरा, जिसे देख दर्शक भावुक हो उठे। इस गौरवपूर्ण अवसर पर आईबी ग्रुप के चेयरमैन एवं सीएमडी सुल्तान अली, डायरेक्टर जोया अफरीन आलम, डायरेक्टर जीशान अली, डायरेक्टर तनाज अजीज सहित कंपनी के आला अधिकारी, कर्मचारी और हजारों की संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here