प्रेसवार्ता में एएसपी कीर्तन राठौर ने दी जानकारी, जब्त मशरूका की कीमत 28.65 लाख रुपये
राजनांदगांव (दावा)। साइबर सेल एवं पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। इस मामले में पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही व्यावसायिक मात्रा की 41.195 किलोग्राम गांजे की बड़ी खेप बरामद की है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त टाटा योद्धा पिकअप वाहन एवं एक ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस द्वारा जब्त किए गए कुल मशरूका की अनुमानित कीमत 28,65,750 रुपये बताई गई है।
एएसपी कीर्तन राठौर ने ली प्रेसवार्ता
मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के संवाद कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में एएसपी कीर्तन राठौर एवं सीएसपी वैशाली जैन ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध पुलिस एवं एनसीबी का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। एएसपी राठौर ने बताया कि 26 जुलाई को एनसीबी रायपुर से पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ को सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी/कोरापुट क्षेत्र से भारी मात्रा में गांजा टाटा योद्धा पिकअप (क्रमांक सीजी 04 एनएस 8967) में भरकर राजनांदगांव-तुमड़ीबोड़ मार्ग से होते हुए आगरा (उत्तर प्रदेश) ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में एनसीबी एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा नेशनल हाईवे स्थित गुरुद्वारा चौक के पास घेराबंदी की गई।
अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हुए तस्कर
घेराबंदी के दौरान संदिग्ध पिकअप वाहन पुलिस को देखकर लगभग 300 मीटर पहले ही रुक गया। वाहन में सवार दो आरोपी पुलिस को देखकर वाहन छोडक़र अंधेरे का लाभ उठाते हुए मौके से फरार हो गए। संयुक्त टीम ने तत्काल उनका पीछा किया एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक तलाश अभियान चलाया।
सीट के नीचे छिपे मिले 36 पैकेट, 4 जिलों की पुलिस जुटी तलाश में
फरार आरोपियों द्वारा छोड़े गए वाहन की विधिसम्मत तलाशी लेने पर सीट के पीछे एवं नीचे छिपाकर रखे गए 36 पैकेट बरामद हुए, जिनमें कुल 41.195 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा पाया गया। इसके अलावा वाहन से ओप्पो कंपनी का एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। एएसपी ने बताया कि उक्त गांजा तस्करों को पकडऩे के लिए आसपास के चार जिलों की पुलिस जुटी हुई थी। अंतत: राजनांदगांव पुलिस को गुरुद्वारा चौक के पास घेराबंदी कर गांजा पकडऩे में सफलता मिली। आरोपियों द्वारा व्यावसायिक मात्रा में अवैध गांजे का परिवहन किए जाने पर उनके विरुद्ध पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ में अप.क्र. 319/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।



