Home छत्तीसगढ़ तुमड़ीबोड़ पुलिस के हत्थे चढ़े ट्रैक्टर बैटरी चोर गिरोह…

तुमड़ीबोड़ पुलिस के हत्थे चढ़े ट्रैक्टर बैटरी चोर गिरोह…

37
0

7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश, भेजा जाएगा जेल

राजनांदगांव (दावा)। लालबाग थाना क्षेत्र के तुमड़ीबोड चौकी पुलिस द्वारा अपने चौकी क्षेत्र के ट्रैक्टरों से चोरी करने वाले बैटरी चोरों को धर दबोचा है। पुलिस ने चोरों के साथ-साथ उनसे चोरी की बैटरी खरीदने वाले कबाडिय़ों को भी गिरफ्तार किया है। इस संबंध में प्रेस वार्ता लेते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर सीएसपी वैशाली जैन ने बताया कि चोरों से विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 12 ट्रैक्टरों की बैटरियां, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं नगद राशि बरामद की गई है वहीं चोरी, खरीद-बिक्री एवं खपाने की पूरी श्रृंखला का खुलासा करते हुए कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान उपस्थित तुमड़ीबोड़ चौकी प्रभारी धनीराम नारंगे ने बताया कि आरोपियों ने राजनांदगांव एवं डोंगरगढ़ क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ट्रैक्टर बैटरी चोरी की कई वारदातें करना स्वीकार किया। साथ ही उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं, जिनके विरुद्ध पूर्व से भी संपत्ति संबंधी अपराध दर्ज हैं।

० चोरों ने की थी 12 बैटरियों की चोरी
नारंगे ने बताया कि बैटरी चोरी की घटना के संबंध में प्रार्थी परमेन्द्र कुमार सिन्हा निवासी ग्राम सांगिनकछार द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 21/22 जुलाई की रात्रि अज्ञात चोरों ने सडक़ किनारे खड़े उनके महिन्द्रा ट्रैक्टर एवं समीप खड़े अन्य ट्रैक्टर से बैटरियां चोरी कर ली थी। चोरी गई दोनों बैटरियों की अनुमानित कीमत लगभग 16,000 रुपये थी। रिपोर्ट पर पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़ में अपराध क्रमांक 314/26, धारा 303(2), 317(2), (3,5) बीएनएस पंजीबद्ध कर तत्काल विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं गवाहों के कथनों के आधार पर चोरी की बैटरियों की खरीद-बिक्री की पूरी श्रृंखला का खुलासा किया। विवेचना में पता चला कि चोरी की गई बैटरियां चिचोला निवासी अजहर खान द्वारा खरीदी गई थीं। पूछताछ में उसने बैटरियां सुजीत देवार एवं सुकत देवार से खरीदना स्वीकार किया। दोनों से पूछताछ करने पर बैटरियां भीखम राम यादव एवं गणेश राम साहू द्वारा बेचना स्वीकार किया गया। गहन पूछताछ करने पर बताया की उन्होंने अलग-अलग तिथियों में तिलईरवार, विचारपुर नवागांव, सांगिनकछार, भंडारपुर (डोंगरगढ़), मेढ़ा, पटपर (चिचोला) एवं धौराभाठा सहित विभिन्न ग्रामों में सडक़ किनारे एवं कोठारों में खड़े ट्रैक्टरों से कुल 12 ट्रैक्टर बैटरियां कीमती 96000 रूपये चोरी की थीं।

० चोरी कर अलग-अलग जगह बेची गई बैटरियां
आरोपियों ने चोरी की गई 10 बैटरियां करण मरकाम के माध्यम से नईम खान को तथा 2 बैटरियां सुजीत देवार एवं सुकत देवार को बेचना स्वीकार किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विभिन्न आरोपियों के कब्जे से 12 ट्रैक्टर बैटरियां, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन एवं बिक्री से प्राप्त नगद 8000 रूपये जुमला कीमती 1,35,000 रूपये बरामद कर विधिवत जप्त की। विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं तथा उनके विरुद्ध पुलिस चौकी तुमड़ीबोड़, थाना डोंगरगढ़ एवं अन्य थाना क्षेत्रों में संपत्ति संबंधी अपराध पूर्व से दर्ज हैं। बैटरी चोरी के मामले में आरोपियों के विरूद्ध पुलिस चौकी तुमडीबोड़ में अप.क्र. 314/26, 315/26, 316/26, 317/26 एवं थाना डोंगरगढ़ में अ.क्र. 418/26 अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

० पुलिस के हत्थे चढ़े बैटरी चोरी के आरोपी
चौकी प्रभारी नारंगे ने बताया कि बैटरी चोरी के धरे गए आरोपियों में भीखम राम यादव पिता मदन यादव उम्र 26 वर्ष निवासी दिवानभेड़ी वार्ड नं. 14, गणेश राम साहू पिता स्व. कार्तिक साहू उम्र 40 वर्ष निवासी जरवाही वार्ड नं. 14, करण मरकाम पिता बेरसिंह मरकाम उम्र 26 वर्ष साकिन बिजेभाठा वार्ड नं. 13 तथा नईम खान पिता ईलियास खान उम्र 39 वर्ष निवासी बहरामपुर मोरना हकीम के बैठक के पास थाना जानी जिला मेरठ (उ.प्र.) वर्तमान पता हमाल पारा राजनांदगांव, सुजीत देवार पिता अशोक देवार उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम बाबूटोला वार्ड नं. 12, सुकत देवार पिता निर्मल देवार उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम बाबूटोला वार्ड नं. 12 एवं अजहर खान पिता अब्दुलरब खान उम्र 32 वर्ष साकिन ग्राम चिचोला वार्ड नं.16 तीनों पुलिस चौकी चिचोला है। सभी आरोपियों को गिरफतार न्यायालय ने पेश किया गया जहां से उन्हें जेल की सलाखों में भेज दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here