Home छत्तीसगढ़ महाकाल सेना ने निकाली भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर की भव्य पालकी यात्रा…

महाकाल सेना ने निकाली भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर की भव्य पालकी यात्रा…

9
0

० आग उगलती नौ-देवियों का तांडव, अघोरी व राउत नृत्य पर झूम उठे श्रद्धालु
० उज्जैन की तर्ज पर सावन के प्रथम सोमवार को नंदई हाट बाजार से निकली भव्य शोभायात्रा

राजनांदगांव (दावा)। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को उज्जैन की तर्ज पर शहर में महाकाल सेना द्वारा धूमधाम से भगवान श्री चंद्रमौलेश्वर पालकी यात्रा निकाली गई। सोमवार 3 जुलाई को नंदई हाटबाजार से पूजा-पाठ के बाद बाजे-गाजे के साथ प्रारंभ की गई पालकी यात्रा में शहर के प्रथम व्यक्ति महापौर मधुसूदन यादव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष (छ.ग. शासन) के अध्यक्ष नीलू शर्मा, पूर्व महापौर सुदेश देशमुख, श्रीमती हेमा देशमुख, पूर्व न.नि. सभापति शिव वर्मा न.नि. चेयरमैन राजा माखीजा, समाज सेवी आलोक बिंदल , संजय तेजवानी महाकाल सेना के पवन डागा, राजू डागा, राधेश्याम गुप्ता आदि सहित बड़ी संख्या में भक्त जान शामिल हुए और जय -जय महाकाल का उद्घोष करते हुए भगवान श्री चंद्र मौलेश्वर के प्रति अपनी भक्ति भावना प्रकट की। इस दौरान झांझ मंजीरों की झंकार व अघोरी नृत्य,गेड़ी नृत्य,राउत नृत्य, मयुरी नृत्य आदि मनोहारी नृत्य के साथ निकली पालकी यात्रा में श्रद्धालु झूमते – नाचते नजर आए वही मुंह से अग्नि ज्वाल उगलती नौ – देवियों का तांडव नृत्य व शिव गण भूत – प्रेतों का भस्म उड़ाते वीभत्स नृत्य देखकर रोमांचित व प्रभावित हुए बिना नहीं रहे।

शिवमय हुआ संस्कारधानी, भजन कीर्तन का रहा जोर
भगवान महाकाल की विशाल जटाजूट धारी प्रतिमा और आकर्षक पालकी में विराजे भगवान श्री चंद्र मौलेश्वर की पालकी यात्रा एक अलग ही दृश्य उपस्थित कर रहा था जिसके दर्शन के लिए श्रद्धालुओ का तांता रहा। इधर एक बड़े वाहन में बाबा महाकाल की भक्ति में लीन भजन कीर्तन करने वाले कलाकार अपने शिव भक्ति वाले सुमधुर गान से माहौल को भक्ति मय बनाए हुए थे वहीं बाबा की मस्ती में झूमते नाचते महाकाल भक्तों का हूजुम वातावरण को शिवमय बनाए हुए था। नंदई, इंदिरा नगर चौक से होते हुए बांसपाई पारा, दुर्गा चौक, गांधी चौक, मानव मंदिर चौक पहुंची भगवान महाकाल पालकी यात्रा के दर्शन व स्वागत के लिए लोग जगह-जगह पलक पांवड़े बिछाए हुए थे। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं – पुरुषों ने आरती पूजा कर की और अपने घर परिवार सहित भगवान महाकाल से सबकी खुशहाली की प्रार्थना की। पालकी यात्रा के मानव मंदिर चौक से होते हुए सिनेमा लाईन आजाद चौक, गुड़ाखू लाइन,गोल बाजार व कामठी लाईन में प्रवेश कर श्री सत्यनारायण मंदिर में पहुंचने पर मंदिर समिति द्वारा भगवान श्री चंद्र मौलेश्वर पालकी यात्रा के का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओ एवं सामाजिक संगठनों द्वारा शीतल जल पान व पेय पदार्थों सहित प्रसाद बांटें गए। शहर में निकली भगवान महाकाल पालकी यात्रा की दर्शन के लिए दौरान हजारों की संख्या में महिलाएं, युवक, युवतियां, अबाल वृद्ध सभी उमड़े रहे।

विगत छह वर्षों से निकल रही भगवान महाकाल की यात्रा
बता दें कि राजनांदगांव संस्कार धानी की गणेश विसर्जन झांकी और देशी खेल हांकी जिस तरह दुनिया भर में प्रसिद्ध है उसी पैटर्न में यहां की हाकी झांकी की तरह भगवान श्री चंद्र मौलेश्वर की पालकी भी सुप्रसिद्ध हो चला है। विगत 6 वर्षों से महाकाल सेना द्वारा धूमधाम के साथ निकाली जा रही भगवान महाकाल की पालकी यात्रा इस बार के सावन महीने में 12 बार निकाली जाएगी। इसमें आज सहित चारों सोमवार संस्कार धानी नगरी में तथा बीच के वारों में यथा धर्म नगरी डोंगरगढ़ के ग्राम मुसरा, संगीत नगरी खैरागढ़ व कला नगरी डोंगरगांव सहित अन्य स्थान तय है। संस्कार धानी की विशेष पहचान बन चुकी भगवान श्री चंद्र मौलेश्वर महाकाल पालकी यात्रा व सिंघोला स्थित महाकाल मंदिर का दर्शन करने महाराष्ट्र विदर्भ, अमरावती, बालाघाट आदि दूर -दूर स्थानों से भक्त जन पहुंचते हैं और भगवान महाकाल का दर्शन कर निहाल होते हुए पूण्य लाभ का अर्जन करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here