Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव: 101 फीट ऊंचा तिरंगा न लगने पर नगर निगम प्रशासन पर...

राजनांदगांव: 101 फीट ऊंचा तिरंगा न लगने पर नगर निगम प्रशासन पर भड़के नेता प्रतिपक्ष, तुरंत ध्वजारोहण की मांग…

8
0

राजनांदगांव : स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के राष्ट्रीय पर्व में अब महज कुछ ही दिन शेष रह गए हैं, लेकिन शहर के ऐतिहासिक जय स्तंभ चौक स्थित 101 फीट ऊंचे विशाल तिरंगे को अब तक न लगाए जाने पर विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने गहरी नाराजगी जताई है और निगम प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए अविलंब तिरंगा फहराने की मांग की है।

“शहर की शान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक”

नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने कहा कि जय स्तंभ चौक पर स्थापित 101 फीट ऊंचा तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि पूरे शहर की शान और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर इस विशाल तिरंगे को लहराते देखना हर शहरवासी के लिए गर्व की बात होती है। इसके बावजूद, पर्व नजदीक आने तक तिरंगा न फहराया जाना निगम प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।

आयुक्त से चर्चा के बाद भी कार्रवाई नहीं

श्री पिल्ले ने बताया कि इस संबंध में कुछ दिन पूर्व नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम से व्यक्तिगत रूप से चर्चा कर तिरंगा लगाने का अनुरोध किया गया था। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, ऐसे में इस महत्वपूर्ण विषय की उपेक्षा करना समझ से परे है।

महापौर और निगम प्रशासन पर साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष ने नगर निगम प्रशासन के साथ-साथ महापौर मधुसूदन यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राष्ट्रीय पर्व और शहर के गौरव से जुड़े विषय पर समय रहते ध्यान न देना प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन और महापौर इस संवेदनशील और महत्वपूर्ण विषय को लेकर बिल्कुल भी गंभीर नहीं हैं।

तत्काल ध्वजारोहण की मांग

जय स्तंभ चौक की ऐतिहासिकता और महत्व को रेखांकित करते हुए संतोष पिल्ले ने मांग की है कि बिना किसी और विलंब के आज ही सम्मानपूर्वक 101 फीट ऊंचा तिरंगा स्थापित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि राष्ट्रीय पर्व में अब बहुत कम समय बचा है, इसलिए निगम प्रशासन को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए ताकि 15 अगस्त को शहरवासी पूरे स्वाभिमान और गौरव के साथ राष्ट्रीय पर्व मना सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here