राजनांदगांव। सावन माह के पावन अवसर पर आज प्रातः 8:30 बजे लालबाग स्थित लालबगेश्वर धाम में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूज्य संत डॉ. युधिष्ठिर लाल शदाणी दरबार के नवम पीठाधीश्वर, महापौर मधुसूदन यादव, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के अध्यक्ष नीलू शर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, सिंधी समाज के वरिष्ठजन, पार्षद एवं राजस्व चेयरमैन राजा माखीजा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दुग्धाभिषेक एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर “हर-हर महादेव” एवं “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इसके पश्चात सभी अतिथियों ने संत शदाणी उद्यान में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर डॉ. रमन सिंह, पूज्य संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी एवं महापौर श्री मधुसूदन यादव ने पौधारोपण किया।
कार्यक्रम के दौरान सिंधी समाज के अध्यक्ष मंशाराम मोटलानी, ब्रह्मानंद बजाज, वरिष्ठ सलाहकार अवतारराम तेजवानी, अर्जुनदास पंजवानी, गुरमुखदास वाधवा, राजकुमार डुलानी एवं पार्षद एवं राजस्व चेयरमैन राजा माखीजा,भाजपा प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी अमर लालवानी,पूज्य सिंधी पंचायत के महासचिव हरीश मोटलानी ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से भेंट कर सिंधी समाज की वर्षों पुरानी मांगों से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि सिंधी समाज पिछले लगभग 20 वर्षों से समाज के लिए भूमि आवंटन की मांग कर रहा है, किन्तु आज तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है। साथ ही महापौर मधुसूदन यादव से संत शदाणी उद्यान के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण का अनुरोध किया गया, ताकि उद्यान को समाज एवं आम नागरिकों के लिए और अधिक सुविधायुक्त एवं आकर्षक बनाया जा सके।
डॉ. रमन सिंह एवं महापौर मधुसूदन यादव ने समाज की मांगों पर सकारात्मक विचार करने का आश्वासन दिया।
सिंधी समाज,लालबागेश्वर धाम सेवा समिति, शदाणी सेवा मंडल , शदाणी महिला मंडल,शदाणी युवा मंडल ने सभी का आभार व्यक्त किया



