Home समाचार गौरीनगर अंडरब्रिज हादसा : मृतक के परिजनों से मिले महापौर मधुसूदन यादव…

गौरीनगर अंडरब्रिज हादसा : मृतक के परिजनों से मिले महापौर मधुसूदन यादव…

64
0

संतोष सोनवानी के परिवार को हरसंभव मदद का भरोसा, हादसे की जांच के दिए निर्देश

राजनांदगांव। गौरीनगर अंडरब्रिज में दो दिन पहले हुए दर्दनाक हादसे में डूबने से जान गंवाने वाले 40 वर्षीय संतोष सोनवानी के परिजनों से मिलने सोमवार को महापौर मधुसूदन यादव उनके घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। महापौर ने इस कठिन समय में परिवार को हरसंभव सहयोग और मदद का भरोसा दिलाया।

इस दौरान वार्ड पार्षद संजू बघेल सहित स्थानीय नेतागण अशोक निर्मलकर, सोनू यादव, दिनेश देवांगन, रघुबीर वाधवा, रामलाल गायकवाड़, विनोद गायकवाड़ समेत बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे।

परिजनों से चर्चा के बाद महापौर ने हादसे को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उचित एवं निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाना जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।

महापौर ने गौरीनगर अंडरब्रिज में नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। साथ ही अंडरब्रिज का निर्माण कार्य आगामी दिसंबर-जनवरी तक पूर्ण कराने के संबंध में रेलवे अधिकारियों को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई के लिए कहा गया है।

महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नागरिकों की सुरक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीरता से कार्य करने और निर्माण कार्य में आवश्यक तेजी लाने की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here