Home समाचार सेवा संकल्प अभियान के नौ बिंदुओं पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ली...

सेवा संकल्प अभियान के नौ बिंदुओं पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ली कार्यशाला…

5
0

प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों को दिए दायित्व, सेवा कार्यों को बूथ से लेकर घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान

राजनांदगांव। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा उनके जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जाने वाले सेवा संकल्प अभियान को लेकर राजनांदगांव में महत्वपूर्ण जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन पुष्पवाटिका स्थित योग डोम मे हुआ । कार्यशाला में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री श्री विजय शर्मा ने अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की और कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उल्लेखनीय है कि भाजपा द्वारा इस वर्ष सेवा संकल्प अभियान को व्यापक जनभागीदारी से जोड़ते हुए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना के साथ आयोजित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा गतिविधियों से जोड़ना है।

नौ बिंदुओं पर सौंपी गई जिम्मेदारी

बैठक में अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के लिए नौ प्रमुख बिंदुओं पर अलग-अलग प्रभारी एवं सह-प्रभारी नियुक्त किए गए। उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने सभी प्रभारियों को अपने-अपने दायित्वों की गंभीरता से जिम्मेदारी लेते हुए कार्यक्रमों को मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले कार्यक्रम आशीर्वाद के दीए में अपनी पूरी शक्ति लगे और संभाग स्तर, जिले स्तर पर, बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएं । विजय शर्मा ने 9 आयाम को विस्तार से कार्यकताओ को बताया ।

1. आशीर्वाद का दिया —
इस कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ता सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। लाभार्थियों के घर जाकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करने तथा उन्हें सेवा संकल्प अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

2. सपनों का भारत —
युवाओं एवं विद्यार्थियों के बीच विकसित भारत की संकल्पना को लेकर चित्रकला, भाषण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य युवाओं को 2047 के विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनाना है।

3. सेवा स्मरण —
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन, सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए नुक्कड़ नाटक, संवाद एवं जनजागरण गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

4. आंगन मिलन —
आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से माताओं, बच्चों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा कार्यकर्ताओं को जोड़ते हुए सम्मान एवं संवाद के कार्यक्रम होंगे। महिला एवं बाल कल्याण से जुड़े विषयों पर भी जनजागरूकता बढ़ाई जाएगी।

5. कहानी बदलाव की —
केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की सफलता की कहानियों को सामने लाया जाएगा। इसके माध्यम से यह बताया जाएगा कि योजनाओं का लाभ किस प्रकार आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहा है।

6. सेवा ज्योति यात्रा —
सेवा, समर्पण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सेवा ज्योति यात्रा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए 2047 के विकसित भारत का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।

7. सेवा मेरा योगदान —
अभियान को केवल भाजपा कार्यकर्ताओं तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों को भी सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। रक्तदान, वृक्षारोपण, स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, प्लास्टिक मुक्त अभियान सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

8. सेवा सेतु —
सरकार की योजनाओं से वंचित पात्र नागरिकों को योजनाओं से जोड़ने के लिए शिविर एवं जनसंपर्क अभियान चलाए जाएंगे। कार्यकर्ता पात्र हितग्राहियों की जानकारी लेकर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करेंगे।

9. जन सेवा महाकुंभ— देश के पांच प्रमुख स्थान पर होगा जहां स्वयं मोदी जी जाएंगे इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि विशेष रूप से जाएंगे ।
युवाओं की प्रतिभा, नवाचार और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए इनोवेशन चैलेंज सहित विभिन्न रचनात्मक एवं जनसेवा गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाएगा। अभियान का समापन व्यापक जनभागीदारी के साथ जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से किया जाएगा।

सेवा ही संगठन का मूल मंत्र’ — विजय शर्मा

बैठक को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पहले वे राजनांदगांव के प्रभारी मंत्री के नाते अक्सर आया करते थे परंतु अब आभारी होने के नाते यहां आते हैं उन्होंने कहा कि राजनांदगांव से लगातार सीखते रहे हैं यहां के नेताओं के मार्गदर्शन से ही वह आगे बढे है, नक्सलवाद पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि नक्सलियों से फोन पर वार्तालाप,फिर मुलाकात और फिर पुनर्वास की नीति बनाकर देश के गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में हमने नक्सलवाद को नेस्ताबुद किया, परंतु कांग्रेस आज भी झीरम घाटी के आए कोर्ट के फैसले पर अनावश्यक भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है । कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए विजय शर्मा ने कहा कि जिनके रोल मॉडल हिड़मा है उनकी नक्सलवाद पर क्या नीति होगी, समझा जा सकता है । कार्यशाला को संबोधित करते हुए शर्मा जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए सेवा केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की कार्यसंस्कृति और विचारधारा का मूल आधार है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रत्येक कार्यकर्ता समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और उसकी आवश्यकता को समझते हुए सेवा एवं सहयोग का माध्यम बने।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उनके इसी सेवा भाव को जनभागीदारी का स्वरूप देते हुए अभियान को गांव, शहर, मंडल, शक्ति केंद्र और बूथ स्तर तक प्रभावी रूप से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक हितग्राही के घर दिया जलाना है और 17 सितंबर को संभाग मुख्यालय जिला मुख्यालय में बड़ा कार्यक्रम आयोजित करें, लाखों की संख्या में दिया जलाएं ।

‘सेवा संकल्प अभियान को जनआंदोलन बनाएंगे’ — कोमल सिंह राजपूत

भाजपा जिला अध्यक्ष श्री कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि भात्रपा द्वारा संत रविदास के कलश को मंदिरों में स्थापित कर पूजा अर्चना करना एवं आजादी के 80 वे वर्ष मे घर घर तिरंगा पहुंचाना एवं तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्रीयता का भाव जगाने हेतु पार्टी ने कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिले के कार्यकर्ता मंडल स्तर पर और मंडल के कार्यकर्ता शक्ति केंद्र तक और शक्ति केंद्र के कार्यकर्ता बूथ स्तर तक जाएंगे तो मोदी जी के सेवा सप्ताह के लाभ को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना संभव हो पाएगा । सेवा को जन आंदोलन बनाना भाजपा की प्राथमिकता है । सकरात्मक प्रतिस्पर्धा से कार्यकम बेहतर से बेहतर करें – मधुसूदन यादव सेवा संकल्प अभियान के जिला प्रभारी मधुसूदन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायी यात्रा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से इस यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ प्रत्येक कार्यकर्ता को सेवा कार्यों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। मधुसूदन यादव ने मंडल स्तर पर 1072 बुथो के माध्यम से प्रत्येक बुथ में सौ दीपक जलाने का आह्वान किया ।

उन्होंने कहा कि राजनांदगांव जिले में अभियान को लेकर संगठन पूरी तरह तैयार है। नौ बिंदुओं के लिए नियुक्त प्रभारी एवं सह-प्रभारी अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करेंगे। मंडल से लेकर बूथ तक कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित कर ‘अधिकतम पहुंच, अधिकतम सहभागिता और अधिकतम सेवा’ के भाव के साथ अभियान को सफल बनाया जाएगा।नौ आयाम प्रभारी आपसी सकारात्मक प्रतिस्पर्धा करके कार्यक्रम को बेहतर से बेहतर बनाएं ।
‘हर बूथ और हर परिवार तक पहुंचेगा सेवा का संदेश’ — जितेंद्र वर्मा

जिला संगठन प्रभारी  जितेंद्र वर्मा ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समाज के साथ उनके जीवंत संपर्क में है। उन्होंने कहा कि दिया जलाने के पूर्व दिया खरीदते समय सोशल मीडिया का उपयोग करते हुए उसे वायरल करें और जन-जन तक पहुंचाएं ताकि मोदी जी के जन्मदिन पर एक माहौल का निर्माण हो ।

बैठक में अतिथियो द्वारा भारतमाता की पूजा अर्चना कर वंदेमातरम का गान तथा छत्तीसगढ़ महतारी की वंदना गीत हुआ, बैठक का सफल संचालन सौरभ कोठारी एवं आभार प्रदर्शन डिकेश साहू ने किया । अभियान की आगामी कार्ययोजना के तहत सभी 16 मंडलों में कार्यशाला की तिथि का निर्धारण भी किया गया, एवं दायित्वों के विभाजन, कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा संगठनात्मक समन्वय पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यशाला मे प्रमुख रूप से जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, महापौर मधुसूदन यादव, जिला संगठन प्रभारी जितेंद्र वर्मा, योगेश दत्त मिश्रा जी, रामजी भारती, एम डी ठाकुर, शशिकांत द्विवेदी,संतोष अग्रवाल,दिनेश गांधी, नीलू शर्मा, प्रदीप गांधी, रमेश पटेल, विनोद खांडेकर, राजेंद्र गोलछा, भावेश बैद, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव, रविंद्र वैष्णव, महिला मोर्चा अध्यक्ष पुष्पा गायकवाड, युवा मोर्चा अध्यक्ष चिंटू सोनकर, रोहित चंद्राकर, तरुण लहरवानी, राजा माखीजा, त्रिगुण टांक, अरुण शुक्ला, रघुवीर वादवा,देव कुमारी साहू, किरण बारले, ऋषि देव चौधरी,जैन मेश्राम, बोधन साहू जिला भाजपा के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, अभियान से जुड़े प्रभारी एवं सह-प्रभारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here