पुलिस को देख यू-टर्न लेकर भाग रहा था चालक, डिवाइडर से टकराई आयसर गाड़ी
राजनांदगांव (दावा)। जिले में अवैध मवेशी तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सोमनी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आयसर वाहन में क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र के भंडारा ले जाई जा रही 18 नग भैंसों को बरामद किया है। पुलिस ने मौके से वाहन व मवेशियों सहित कुल 8.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसका एक अन्य साथी फरार हो गया। सोमनी थाना प्रभारी एमन साहू ने बताया कि रविवार 6 सितंबर को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टाटा आयसर वाहन (क्रमांक सीजी 15-डीजेड-4514) में मवेशियों को अवैध रूप से भरकर दुर्ग की ओर से राजनांदगांव होते हुए ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी के.पी. मरकाम के पर्यवेक्षण में सोमनी पुलिस टीम ने ठाकुरटोला टोल प्लाजा के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग शुरू की।
पुलिस को देख भागने का प्रयास, डिवाइडर से टकराया वाहन
चेकिंग के दौरान दुर्ग की ओर से आ रहे संदिग्ध आयसर वाहन को जब रुकने का इशारा किया गया, तो चालक ने पुलिस को देखकर गाड़ी को अचानक यू-टर्न लेकर वापस दुर्ग की ओर तेज रफ्तार में भगा दिया। पुलिस टीम ने तुरंत वाहन का पीछा किया। इसी बीच ग्राम टेडेसरा के पास जीई रोड पर स्थित अपना ढाबा के सामने चालक ने गाड़ी डिवाइडर से टकरा दी। जिससे वाहन अनियंत्रित होकर रुक गया। पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर चालक को धर दबोचा। पूछताछ में चालक ने अपना नाम संगीत मधुकर उर्फ टेटे (30 वर्ष), निवासी ग्राम पथर्रा, थाना भिलाई-3 (जिला दुर्ग) बताया। उसने स्वीकार किया कि वह अपने साथी राजू पारधी (निवासी बुचीडीह सरदा) के साथ ग्राम पथर्रा से 18 नग भैंसों को भरकर अवैध रूप से भंडारा (महाराष्ट्र) ले जा रहा था। वाहन की तलाशी लेने पर अंदर ठूंस-ठूंस कर भरी गई 18 भैंसें बरामद हुईं। आरोपी के विरुद्ध पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11, छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी संगीत मधुकर को गिरफ्तार कर सक्षम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में संलिप्त फरार आरोपी राजू पारधी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।



