राजनांदगांव (दावा)। 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन बिलासपुर में 3 सितंबर से 6 सितंबर 2026 तक किया गया। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं विद्यालयों से चयनित प्रतिभाशाली खिलाडिय़ों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में तैराकी सहित विभिन्न खेल विधाओं में खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। तैराकी प्रतियोगिता में गुजराती स्कूल के छात्र ओमकार ढीमर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अंडर-14 बैक स्ट्रोक स्पर्धा में शानदार सफलता हासिल की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया। ओमकार ने अपनी बेहतरीन तकनीक, गति, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
ओमकार की इस उपलब्धि के पीछे उनकी निरंतर मेहनत, नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण महत्वपूर्ण रहा।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर के उत्कृष्ट खिलाडिय़ों के बीच स्वर्ण पदक हासिल करना उनकी प्रतिभा और कड़ी मेहनत को दर्शाता है। ओमकार ढीमर की इस शानदार उपलब्धि से गुजराती स्कूल में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के प्राचार्य श्रीमती सुषमा शुक्ला, उपप्राचार्य श्रीमती अर्पणा श्रीवास्तव, खेल प्रशिक्षक सुधा साहू एवं अनुसुईया साहू संस्था के अध्यक्ष विनय पटेल, उपाध्यक्ष पवन पटेल, सचिव सीए रूपम सोनछात्रा, कोषाध्यक्ष हिमांशु पटेल, कार्यकारिणी सदस्य सूरज बुद्धदेव, पीयूष पटेल एवं अन्य सभी सदस्यों ने ओमकार को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि ओमकार की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है और इससे स्कूल के विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ेगा। ओमकार की सफलता से उनके परिवार में भी खुशी का माहौल है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित किया है कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।



