Home समाचार रेनबो फिंगर्स वेलफेयर फाउंडेशन ने महापौर मधुसूदन को किया सम्मानित

रेनबो फिंगर्स वेलफेयर फाउंडेशन ने महापौर मधुसूदन को किया सम्मानित

3
0

न्यूरोडायवर्जेंट बच्चों के हित में कार्य कर रही संस्था के प्रयासों को महापौर ने सराहा, हरसंभव सहयोग का दिया आश्वासन

राजनांदगांव (दावा)। रेनबो फिंगर्स वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा न्यूरोडायवर्जेंट बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और क्षमताओं को मंच देने के उद्देश्य से विगत 6 सितंबर को पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम में ‘उड़ान-हर बच्चा अनोखा है’ कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया था।

इस आयोजन में विशेष मार्गदर्शन, प्रोत्साहन एवं सहयोग प्रदान करने पर संस्था ने नगर पालिक निगम के महापौर मधुसूदन यादव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया। फाउंडेशन के राजनांदगांव जिला प्रमुख सौरभ अजमानी एवं जिला संयोजक नीतिका अजमानी ने महापौर के मोतीपुर स्थित निज निवास पहुंचकर उन्हें संस्था की ओर से स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र भेंट किया।भेंट के दौरान संस्था के प्रतिनिधियों ने महापौर को अपनी गतिविधियों एवं भावी कार्ययोजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि संस्था का ध्येय वाक्य है— हर बच्चा अनोखा है, हर बच्चा खास है और हर बच्चे को अपनी उड़ान भरने का अधिकार है। संस्था का प्रमुख लक्ष्य समाज के इन नन्हे बच्चों को उचित अवसर, सम्मान और समानता दिलाते हुए एक समावेशी समाज का निर्माण करना है।

क्या है न्यूरोडायवर्जेंट?
न्यूरोडायवर्जेंट बच्चों का आशय ऐसे बच्चों से है, जिनकी सोचने, समझने और सीखने की क्षमता आम बच्चों से भिन्न होती है। यह कोई बीमारी नहीं है, बल्कि मस्तिष्क की प्राकृतिक बनावट और कार्यप्रणाली का एक अलग स्वरूप है। इसके अंतर्गत डिस्लेक्सिया, ऑटिज्म, एडीएचडी आदि स्थिति वाले बच्चों को शामिल किया जाता है। महापौर मधुसूदन यादव ने फाउंडेशन द्वारा विशेष बच्चों के उत्थान हेतु किए जा रहे संवेदनशील प्रयासों की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने आश्वस्त किया कि इन बच्चों के सर्वांगीण विकास और समाज में इनके प्रति जागरूकता लाने के लिए चलाए जा रहे अभियानों में वे हरसंभव सहयोग प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर व संकल्पित हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here