Home छत्तीसगढ़ संगीत नगरी में पोला पर्व पर दिखा रोमांच : फतेह मैदान में...

संगीत नगरी में पोला पर्व पर दिखा रोमांच : फतेह मैदान में दौड़ीं 48 बैल जोडिय़ां, उमड़ा जनसैलाब…

10
0

अमलीडीहखुर्द के ईमरान खान की जोड़ी रही अव्वल; मैत्री फुटबॉल मैच में खैरागढ़ ने डोंगरगढ़ को 2-0 से हराया
खैरागढ़ (दावा)। संगीत नगरी के ऐतिहासिक राजा फतेह सिंह खेल मैदान में गुरुवार को परंपरा, खेल और रोमांच का अद्भुत संगम देखने को मिला। नगर पोला उत्सव समिति एवं न्यू दंतेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में 43 वर्षों से चली आ रही पारंपरिक बैल दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन धूमधाम व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। बारिश के व्यवधान के बावजूद खैरागढ़ नगर सहित केसीजी जिले और आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में दर्शक ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने पहुंचे।

आयोजन के मुख्य अतिथि जिला पंचायत केसीजी के उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने की। विशिष्ट अतिथियों में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य घम्मन साहू, वरिष्ठ भाजपा नेता विकेश गुप्ता, जिला भाजपा उपाध्यक्ष नीलिमा गोस्वामी, मंडल अध्यक्ष दिनेश वर्मा, पूर्व नपा उपाध्यक्ष रामाधार रजक, मंडल अध्यक्ष गोरेलाल वर्मा, पार्षद विनय देवांगन, रूपेंद्र रजक, देवीन कोठले, जिला भाजयुमो अध्यक्ष आयश सिंह ‘बोनी’, मंडल महामंत्री ऋषभ सिंह, शहर भाजयुमो अध्यक्ष अनीश सिंह ‘दादू’, नंद चंद्राकर व डोरेलाल साहू सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैल दौड़ प्रतियोगिता से पूर्व न्यू दंतेश्वरी स्पोर्टिंग क्लब खैरागढ़ और एनएफसी डोंगरगढ़ के बीच रोमांचक मैत्री फुटबॉल मैच खेला गया। मैच में खैरागढ़ की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए डोंगरगढ़ को 2-0 से शिकस्त दी। टीम की ओर से शिवांश बहादुर सिंह और शशांक श्रीवास्तव ने विजयी गोल दागे।

48 बैल जोडिय़ों के बीच मुकाबला, अमलीडीहखुर्द के ईमरान खान प्रथम
फुटबॉल मुकाबले के बाद अतिथियों द्वारा बैल जोडिय़ों की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। हिंगलाज ट्रेडिंग के संचालक नीरज खत्री की ओर से सभी धावकों को टी-शर्ट भेंट की गई। इसके उपरांत डीएसपी रूपेश डांडी ने हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता की शुरुआत की। प्रतियोगिता में छुईखदान, घुमका (राजनांदगांव) सहित विभिन्न क्षेत्रों से कुल 48 जोडिय़ों ने दमखम दिखाया। कड़े मुकाबले में अमलीडीहखुर्द के ईमरान खान की बैल जोड़ी ने प्रथम स्थान हासिल किया, जिन्हें 11 हजार रुपये नगद व कृषि सामग्री दी गई। दूसरा स्थान मुस्का के श्याम साहू (7 हजार रुपये व कृषि सामग्री) और तीसरा स्थान अमलीडीहखुर्द के बिट्टू खान (5 हजार रुपये व कृषि सामग्री) ने हासिल किया। वहीं बैल सज्जा में धरमपुरा के राजू सिन्हा को प्रथम (3100 रुपये व कृषि उपकरण) तथा स्व. अमरजीत सिंह की स्मृति में उनके पुत्र अर्पित सिंह द्वारा प्रदत्त स्वस्थ बैल जोड़ी का पुरस्कार पिपरिया के छोटा खान (3100 रुपये व कृषि उपकरण) को दिया गया। समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता डॉ. यशेश ठाकुर की ओर से सभी प्रतिभागी जोडय़िों को नगद सांत्वना पुरस्कार वितरित किया गया।

मुख्य अतिथि विक्रांत सिंह ने कहा कि 43 वर्षों से अनवरत चल रहा यह आयोजन खैरागढ़ की सांस्कृतिक पहचान है, जो आधुनिक दौर में भी लोक परंपराओं को जीवंत बनाए हुए है। नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा नंद चंद्राकर ने भी मशीनी युग में पशुधन संरक्षण और इस भव्य परंपरा के निर्वहन के लिए आयोजन समिति की सराहना की।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद, दिवंगत डॉ. मिश्रा के परिजनों का सम्मान
एसपी लक्ष्य विनोद शर्मा के मार्गदर्शन एवं डीएसपी रूपेश डांडी के नेतृत्व में आयोजन स्थल पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। डीएसपी चंद्रा, एसडीओपी आशारानी, टीआई अनिल शर्मा, एसआई मिंज, बनाफर व बिल्किस सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान समिति के दीर्घकालिक सहयोगी रहे स्व. डॉ. महेश मिश्रा के परिजनों तथा जर्मनी से पहुंचे उनकी सुपुत्री व दामाद का विशेष सम्मान किया गया।कार्यक्रम में शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज, विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन, सूर्यकांत यादव, कोमल वर्मा, गिरीश सारथी सहित समिति अध्यक्ष सुशीलकांत पांडे, सचिव प्रबल खत्री, कन्हैया पटेल, जमीर कुरैशी, सुभाष चावड़ा, कोषाध्यक्ष शुभम ठाकुर, अभिलेख सिंह, शिवांश बहादुर सिंह, हर्षदीप सिंह, अखिल सिंह, सचिन पटेल, राहुल सिंह, अमन यादव, सितांशु गुप्ता व आकाश चौहान सहित पूरी टीम का आयोजन को सफल बनाने में सराहनीय योगदान रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here