Home छत्तीसगढ़ नागपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की दर्दनाक...

नागपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: छत्तीसगढ़ के 9 लोगों की दर्दनाक मौत; कवर्धा और खैरागढ़ जिले के निवासी शामिल….

5
0

रायपुर / भंडारा।

रायपुर-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर महाराष्ट्र के भंडारा जिले (पिंपलगांव) में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। छत्तीसगढ़ से नागपुर की ओर जा रही बोलेरो गाड़ी सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। इस भयावह हादसे में 6 महिलाओं और 3 बच्चों समेत कुल 9 लोगों की मौके व इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

तीज-पोला मनाने नागपुर जा रहे थे सभी

मिली जानकारी के अनुसार, बोलेरो वाहन में कवर्धा और खैरागढ़ जिले के निवासी सवार थे। ये सभी तीज और पोला पर्व मनाने के लिए नागपुर की ओर जा रहे थे। वाहन में करीब 16 से 17 लोग मौजूद थे। रात करीब 3 बजे पिंपलगांव के पास वाहन बेकाबू होकर खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराया।

घटनास्थल पर मची चीख-पुकार, 8 की मौके पर ही मौत

टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया। दुर्घटनास्थल पर ही 8 लोगों की जान चली गई थी, जबकि एक महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतकों में 6 लोग कवर्धा जिले के और 3 लोग खैरागढ़ जिले के बताए जा रहे हैं। मृतकों में 4 लोग एक ही परिवार के सदस्य थे।

घायलों का इलाज जारी

दुर्घटना में घायल बोलेरो चालक और बच्चों सहित अन्य लोगों को भंडारा व नागपुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया गहरा शोक, मदद का दिया भरोसा

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि बच्चों सहित छत्तीसगढ़ के नागरिकों के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। ईश्वर शोकसंतप्त परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति दे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित परिवारों को त्वरित सहायता और घायलों के समुचित उपचार के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक विशेष टीम घटनास्थल पर भेजी गई है, जो महाराष्ट्र सरकार व स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित कर काम कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here