पीएचई डी-कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
बैंक ऋण, मजदूरी और सामग्री भुगतान का बढ़ा दबाव
राजनांदगांव (दावा)। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अंतर्गत जल जीवन मिशन के विभिन्न कार्यों का भुगतान पिछले करीब तीन वर्षों से लंबित होने का मामला सामने आया है। जिला पीएचई डी-कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशन ने लंबित रनिंग बिलों एवं अन्य भुगतानों का शीघ्र निराकरण कराने की मांग को लेकर जिलाधीश को ज्ञापन सौंपा है।
एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अशोक पंजवानी ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि ठेकेदारों ने जल जीवन मिशन के तहत विभागीय निर्देशों तथा अनुबंध में निर्धारित नियम एवं शर्तों के अनुरूप कार्य पूर्ण किए हैं। इसके बावजूद विभिन्न कार्यों और रनिंग बिलों का भुगतान लंबे समय से लंबित है।
एसोसिएशन का कहना है कि भुगतान अटकने से ठेकेदारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। बैंक ऋण की किश्तों के साथ मजदूरों, सामग्री आपूर्तिकर्ताओं तथा मशीनरी से जुड़े खर्चों का भुगतान करना लगातार मुश्किल हो रहा है।
ठेकेदारों ने बताया कि लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण कई ठेकेदार आर्थिक दबाव में हैं। इसका असर उनके परिवारों पर भी पड़ रहा है। एसोसिएशन ने कहा कि जिन कार्यों को अनुबंध के अनुसार पूरा किया जा चुका है, उनका भुगतान बिना अनावश्यक विलंब के किया जाना चाहिए। ज्ञापन में रनिंग बिलों के अलावा एकल ग्राम के पूर्ण कार्यों, रिक्रूटिंग/ रिकॉर्डिंग में दर्ज कार्यों तथा मल्टी विलेज योजनाओं के लंबित भुगतानों का अनुबंध के अनुसार शीघ्र भुगतान करने की मांग की गई है।
एसोसिएशन ने यह भी मांग की कि विभाग और ठेकेदारों के बीच हुए अनुबंध में निर्धारित नियम एवं शर्तों के आधार पर ही भुगतान प्रक्रिया पूरी की जाए। कार्य पूर्ण होने के बाद लागू किए गए अथवा बाद में अलग से लगाए गए अतिरिक्त नियमों के कारण यदि भुगतान लंबित है तो ऐसे नियमों को शिथिल अथवा पुनर्विचारित किया जाए।
ठेकेदारों का कहना है कि तीन वर्षों से भुगतान लंबित रहने के कारण कार्यों से जुड़ी वित्तीय व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर लंबित भुगतानों का शीघ्र निराकरण कराने की मांग की है। इस अवसर पर कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष राकेश जोशी, वरिष्ठ ठेकेदार निलेश श्रीवास्तव, नितिन भाटी, संतोष मीणा, दीपक शर्मा, सारंाश आजमानी, वैभव शुक्ला, अमर ज्वाला, अतुल अग्रवाल, शैलेंद्र जयसवाल आदि उपस्थित थे।



