बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कर्मचारियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर करहीभदर के पास पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
बालोद से धमतरी जा रही थी बस मिल रही जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त बस धमतरी स्थित डीआरडी कंपनी की है। शनिवार सुबह बस बालोद से कर्मचारियों को लेकर धमतरी की ओर रवाना हुई थी। इसी दौरान करहीभदर के पास तेज रफ्तार बस बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय राहगीरों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी।
एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकला शव हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शव बस के भीतर बुरी तरह फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद शव बाहर निकालने में करीब एक घंटे का समय लगा। वहीं सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल बालोद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। प्राथमिक तौर पर हादसे का कारण बस की अत्यधिक रफ्तार बताया जा रहा है। हालांकि, कोतवाली थाना पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के साथ-साथ दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।



