राजनांदगांव। बसंतपुर थाना क्षेत्र के कौरिनभाठा स्थित आशीर्वाद कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले को राजनांदगांव पुलिस ने सुलझा लिया है। साइबर सेल और थाना बसंतपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और तकनीकी विश्लेषण की मदद से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 100 ग्राम सोने का डल्ला, करीब 500 ग्राम चांदी के आभूषण और 1.50 लाख रुपये नगद सहित कुल 10.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।

किराएदार और पुराने जेल साथी ने रची थी साजिश पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कुल प्रकाश वालदे ने 11 सितंबर 2026 को बसंतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर में उनके सूने मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और 1.50 लाख रुपये नगद (कुल 4.15 लाख रुपये) पार कर दिए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन, नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन एवं साइबर/क्राइम डीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी के पर्यवेक्षण में बसंतपुर थाना प्रभारी निरीक्षक कौशलेश देवांगन एवं साइबर सेल प्रभारी विनय पम्मार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
सीसीटीवी और जेल रिकॉर्ड से मिला सुराग पुलिस टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया और शहर में लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। तकनीकी विश्लेषण और जेल प्रशासन से समन्वय के आधार पर संदेही की पहचान बस्तर, दुर्ग, महासमुंद आदि जिलों में चोरी के कई मामलों में संलिप्त आदतन चोर विक्की वर्मा के रूप में हुई।
पुलिस ने मुख्य आरोपी विक्की वर्मा को हरियाणा के कुरुक्षेत्र से हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वर्ष 2025-26 के दौरान सेंट्रल जेल जगदलपुर में निरूद्ध रहने के दौरान उसकी पहचान आरोपी रहिमन से हुई थी। जेल से छूटने के बाद दोनों ने मिलकर चोरी की योजना बनाई।
रहिमन, जो प्रार्थी के मकान के प्रथम तल पर किराए से रहता था, उसने प्रार्थी के घर में महंगे जेवरात होने और दोपहर में घर सूना रहने की सटीक जानकारी विक्की को दी थी। शक से बचने के लिए रहिमन घटना के दौरान शहर से बाहर चला गया था और फोन से विक्की के संपर्क में था।
माली मसरूका बरामद, आरोपी न्यायिक रिमांड पर भेजा पुलिस ने विक्की वर्मा के पास से 100 ग्राम सोने का डल्ला, 1 लाख रुपये नगद और घटना में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया है। वहीं दूसरे आरोपी रहिमन के पास से चोरी के चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नगद बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपियों को 20 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष न्यायिक रिमांड पर पेश किया गया है।
मामले में चोरी की शेष संपत्ति की बरामदगी तथा चोरी के जेवर खरीदने वाले ज्वेलर की भूमिका की जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी:
विक्की वर्मा (32 वर्ष), पिता स्व. राजेश कुमार वर्मा, निवासी शाहबाद जिला कुरुक्षेत्र (हरियाणा), हाल मुकाम खुर्सीपार भिलाई (जिला दुर्ग)।
रहिमन (43 वर्ष), पिता टीकम दास बड़ा बाघ, निवासी काकोडी चिल्हाटी (महाराष्ट्र), हाल मुकाम आशीर्वाद कॉलोनी कौरिनभाठा, राजनांदगांव।



