गणेश विसर्जन पर राजनांदगांव पुलिस का अभेद्य सुरक्षा घेरा- 800 जवान मैदान में, 04 ड्रोन से आसमान तक निगरानी — अपराधियों पर नजर, हर गतिविधि पर पैनी निगाह, शहर के चप्पे-चप्पे पर पुलिस की मौजूदगी
राजनांदगांव। गणेश विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में राजनांदगांव पुलिस ने व्यापक एवं बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था तैयार की है। पुलिस मुख्यालय से प्राप्त अतिरिक्त बल सहित लगभग 800 पुलिस जवानों को शहर, विसर्जन मार्ग, संवेदनशील क्षेत्रों, बाहरी मार्गों एवं विसर्जन स्थलों पर अलग-अलग जिम्मेदारियों के साथ तैनात किया गया है। जमीन पर पुलिस बल की व्यापक मौजूदगी के साथ-साथ 04 ड्रोन, 10 निगरानी मचान, सीसीटीवी एवं विशेष निगरानी दलों के माध्यम से शहर की गतिविधियों पर सतत नजर रखी जाएगी।

हर स्तर पर पुलिस की तैयारी — कानून-व्यवस्था से लेकर अपराध नियंत्रण तक विशेष व्यवस्था
गणेश विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए पुलिस द्वारा सामान्य तैनाती के साथ-साथ कई विशेष दलों को सक्रिय किया गया है। शहर को अलग-अलग क्षेत्रों में विभाजित कर बल की तैनाती की गई है तथा प्रत्येक महत्वपूर्ण क्षेत्र की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई है।
बाहरी गश्त, मोटरसाइकिल गश्त, स्थिर पुलिस प्वाइंट, त्वरित कार्रवाई दल एवं सुरक्षित अतिरिक्त बल लगातार सक्रिय रहेंगे। किसी भी स्थान से प्राप्त सूचना पर तत्काल पुलिस बल पहुंच सके, इसके लिए चलित दलों को रणनीतिक स्थानों पर तैयार रखा गया है।
अपराध नियंत्रण पर विशेष फोकस —विवाद पर तत्काल कार्रवाई
विसर्जन के दौरान चाकूबाजी आपसी विवाद, झगड़ा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अपराध निरोधक एवं अपराध दल सक्रिय रहेंगे।
भीड़ में विवाद की स्थिति बनने से पहले ही उसकी पहचान करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा सूचना प्राप्त होते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की दृश्य मौजूदगी के साथ-साथ सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों द्वारा भी निगरानी रखी जाएगी।
आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी
विसर्जन के अवसर पर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले संभावित आपराधिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संबंधित थाना क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई एवं मैदानी आसूचना को मजबूत किया गया है।
पुलिस द्वारा पूर्व से प्राप्त सूचनाओं का विश्लेषण कर संवेदनशील स्थानों एवं व्यक्तियों पर आवश्यक निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित घटना को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके।
पिछले 10 दिनों से जेल से रिहा व्यक्तियों पर विशेष निगरानी
गणेश विसर्जन को ध्यान में रखते हुए जेल से हाल ही में रिहा हुए व्यक्तियों की निगरानी के लिए पृथक दल पिछले 10 दिनों से सक्रिय है। संबंधित क्षेत्रों से लगातार जानकारी प्राप्त की जा रही है तथा आवश्यकतानुसार निरोधात्मक कार्रवाई की जा रही है।
रेलवे स्टेशन पर विशेष निगरानी
शहर में बाहर से आने वाले व्यक्तियों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए रेलवे स्टेशन निगरानी दल पृथक रूप से लगाया गया है। रेलवे स्टेशन एवं आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी तथा आवश्यक जांच की जाएगी।
आसूचना संकलन दल लगातार सक्रिय
किसी भी संभावित कानून-व्यवस्था संबंधी स्थिति की पूर्व जानकारी प्राप्त करने के लिए आसूचना संकलन दल सक्रिय रहेगा। संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं महत्वपूर्ण गतिविधियों से संबंधित सूचनाओं का तत्काल संकलन कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।
लॉज एवं ढाबों में विशेष जांच
शहर में आने-जाने वाले एवं ठहरने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए लॉज, होटल एवं ढाबों की जांच हेतु पृथक दल तैनात किया गया है। शहर के बाहरी क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर भी लगातार निगरानी रखी जाएगी।
चेन स्नेचिंग एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर विशेष नजर
गणेश विसर्जन के दौरान अत्यधिक भीड़ का लाभ उठाकर होने वाले चेन स्नेचिंग, मोबाइल एवं पर्स चोरी, जेब कटने तथा अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष पुलिस दल सक्रिय रहेंगे।
भीड़ वाले स्थानों, संकरे मार्गों, पार्किंग क्षेत्रों एवं आने-जाने के प्रमुख बिंदुओं पर सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
04 ड्रोन एवं 10 निगरानी मचान से शहर पर पैनी नजर
शहर के 10 प्रमुख स्थानों पर निगरानी मचान स्थापित किए गए हैं। इनसे भीड़ एवं गतिविधियों पर ऊंचाई से निगरानी रखी जाएगी।
इसके अतिरिक्त 04 ड्रोन द्वारा झांकी मार्ग, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों की हवाई निगरानी की जाएगी। ड्रोन एवं अन्य निगरानी माध्यमों से प्राप्त महत्वपूर्ण जानकारी को संबंधित मैदानी दलों तक तत्काल पहुंचाया जाएगा।
आउटर के मार्गों पर भी पुलिस की मजबूत मौजूदगी
सुरक्षा व्यवस्था को केवल पुराने शहर तक सीमित न रखते हुए शहर के बाहरी एवं परिधीय मार्गों पर भी विशेष व्यवस्था की गई है।
बाहरी गश्ती दल एवं मोटरसाइकिल गश्ती दल लगातार भ्रमण करेंगे। शहर में आने वाले प्रमुख मार्गों, वैकल्पिक मार्गों एवं बाहरी क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी।
त्वरित कार्रवाई दल एवं सुरक्षित अतिरिक्त बल तैयार
किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई दल तथा पर्याप्त अतिरिक्त बल को तैयार रखा गया है। आवश्यकता पड़ने पर किसी भी स्थान पर तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल पहुंचाया जा सकेगा। विशेष क्विक रिस्पांस टीम रहेगी तैनात।
झांकियों का संचालन — भीड़ नहीं, व्यवस्था के साथ होगा विसर्जन
घने एवं संकरे पुराने शहर के मार्ग को ध्यान में रखते हुए झांकियों के संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।
सभी झांकियां पहले निर्धारित एकत्रीकरण स्थल पर एकत्रित होंगी। प्रत्येक झांकी के साथ 05 Volunteer रहेंगे, जो झांकी समिति एवं पुलिस के बीच समन्वय में सहयोग करेंगे।
झांकियों के बीच निर्धारित अंतर बनाए रखा जाएगा ताकि किसी एक स्थान पर झांकी रुकने से पूरा मार्ग अवरुद्ध न हो। झांकी के साथ पुलिस बल की तैनाती रहेगी तथा विसर्जन स्थल तक सुरक्षित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाएगा।
“One Cop–One Pandal” — हर पंडाल से पुलिस का सीधा संपर्क
प्रत्येक पंडाल के साथ एक पुलिसकर्मी को जोड़ा गया है। “One Cop–One Pandal” व्यवस्था के तहत संबंधित पुलिसकर्मी पंडाल समिति से लगातार संपर्क में रहेगा तथा झांकी के प्रस्थान, Volunteer, मार्ग एवं अन्य आवश्यक समन्वय को सुनिश्चित करेगा।
यातायात व्यवस्था — पुराने शहर में प्रवेश से पहले ही नियंत्रण
घने एवं संकरे पुराने शहर को देखते हुए यातायात व्यवस्था को अलग-अलग स्तरों पर नियंत्रित किया जाएगा।
शहर के 05 प्रमुख प्रवेश मार्गों पर विशेष पुलिस एवं यातायात बल तैनात रहेगा। शहर में आने वाले यातायात को पुराने शहर में प्रवेश से पहले ही आवश्यकतानुसार नियंत्रित एवं डायवर्ट किया जाएगा।
निर्धारित स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था रहेगी तथा मुख्य झांकी मार्ग पर अनधिकृत पार्किंग एवं वाहनों का खड़ा होना प्रतिबंधित रहेगा। एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं के लिए मार्ग सुरक्षित रखा जाएगा।
विसर्जन के पश्चात वापस लौटने वाले श्रद्धालुओं एवं वाहनों के लिए भी पृथक यातायात व्यवस्था रखी गई है, ताकि विसर्जन के बाद अचानक उत्पन्न होने वाली भीड़ से यातायात बाधित न हो।
डीजे एवं ध्वनि व्यवस्था के संबंध में स्पष्ट निर्देश
गणेश विसर्जन के दौरान डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का संचालन माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं लागू ध्वनि मानकों के अनुरूप ही किया जाए।
निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर डीजे संचालक एवं संबंधित आयोजकों के विरुद्ध कोलाहल अधिनियम एवं अन्य लागू विधिक प्रावधानों के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
राजनांदगांव पुलिस की नागरिकों से विशेष अपील
राजनांदगांव पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि—
* गणेश विसर्जन के दौरान कीमती आभूषण, बड़ी मात्रा में नकदी एवं अनावश्यक मूल्यवान सामान साथ न लाएं।
* मोबाइल, पर्स एवं अन्य कीमती सामान सुरक्षित रखें।
* भीड़ में बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
* किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
* अफवाहों पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के कोई सूचना सामाजिक माध्यमों पर प्रसारित न करें।
* निर्धारित मार्ग, पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था का पालन करें।
* पुलिस बल के साथ सहयोग करते हुए विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित बनाने में सहभागी बनें।
किसी भी आपात स्थिति अथवा पुलिस सहायता के लिए राजनांदगांव पुलिस नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक — 94791 92199 पर संपर्क करें।
गणपति बप्पा मोरया — सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित विसर्जन का संकल्प।



