Home छत्तीसगढ़ भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: स्मृति ईरानी बनीं छत्तीसगढ़ बीजेपी की प्रदेश...

भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फेरबदल: स्मृति ईरानी बनीं छत्तीसगढ़ बीजेपी की प्रदेश प्रभारी, सिद्धार्थ शंभू को मिली सह-प्रभारी की कमान…

14
0

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए नए प्रदेश प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की घोषणा की गई है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के निर्देशों पर पार्टी के राष्ट्रीय मुख्यालय प्रभारी व राज्यसभा सांसद तरुण चुग ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।

जारी की गई नई सूची के अनुसार, पूर्व केंद्रीय मंत्री और पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें हरियाणा राज्य के प्रदेश प्रभारी का प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश मंत्री व उपाध्यक्ष रहे सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

अनुभवी नेतृत्व को संगठन की जिम्मेदारी

स्मृति ईरानी केंद्र में मोदी सरकार के प्रथम एवं द्वितीय कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं। वर्ष 2003 में भाजपा में शामिल होने के बाद से वे संगठन में लगातार सक्रिय रही हैं। 2004 में महाराष्ट्र युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष, 2010 में राष्ट्रीय सचिव व महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा गुजरात से राज्यसभा सांसद रहने के बाद 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से मिली ऐतिहासिक जीत से वे विशेष रूप से चर्चा में आईं। हालिया राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताते हुए संगठन में राष्ट्रीय महामंत्री और अब दो महत्वपूर्ण राज्यों के प्रभारी का जिम्मा सौंपा है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जताई खुशी

छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने राष्ट्रीय नेतृत्व के इस फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने स्मृति ईरानी को प्रदेश प्रभारी और सिद्धार्थ शंभू को सह-प्रभारी बनाए जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए दोनों नेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here