छात्रों ने वाद-विवाद में रखी अपनी बात, रंगोली के माध्यम से दी भारतीय संस्कृति की झलक
विश्वविद्यालय के आदेशानुसार रॉयल कॉलेज, राजनांदगांव में हिंदी दिवस तथा ‘सेवा संकल्प विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत विभिन्न रचनात्मक एवं बौद्धिक गतिविधियों का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर बी.एड., बी.एससी. एवं बी.कॉम. के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण “शिक्षा के माध्यम के रूप में हिंदी, अंग्रेजी से अधिक प्रभावी है” विषय पर आयोजित वाद-विवाद प्रतियोगिता रही। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पक्ष और विपक्ष में अपने प्रभावशाली विचार एवं तर्क प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने शिक्षा की सुगमता, भाषा की सहजता, विद्यार्थियों में विषय की समझ तथा भविष्य में रोजगार के अवसरों जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर ध्यान आकर्षित किया।
इसके साथ ही, विद्यार्थियों द्वारा भारतीय संस्कृति, शिक्षा एवं विकसित भारत की संकल्पना को दर्शाती बेहद आकर्षक एवं कलात्मक रंगोली बनाई गई। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में रचनात्मकता, तार्किक चिंतन, अभिव्यक्ति कौशल, भारतीय भाषाओं के प्रति सम्मान तथा विकसित भारत के निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों एवं प्राध्यापकों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। इस अवसर पर संस्था की अध्यक्ष डॉ. सविता सिंह, उपाध्यक्ष अशोक चौधरी, डायरेक्टर संजय बहादुर सिंह, डायरेक्टर सावंत बहादुर सिंह, जन्मेजय बहादुर सिंह, श्रेयांश बहादुर सिंह, बरसर डॉ. इंद्र कुमार वैष्णव, एडवाइजर श्रीमती इला सिंह, उप-प्राचार्य डॉ. यामिनी साहू, डॉ. संध्या महोबे, डॉ. रागिनी सरजारे, एम.एस. नारंग, श्रीमती घनेश्वरी साहू, डॉ. जागेश्वरी साहू, सुनील कुमार भट्टाचार्य, पी.एल. मोहबे एवं श्रीमती शशिकला सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन कर कार्यक्रम को सफल बनाया।


