रायपुर: 20वें एशियाई खेल (जापान) में भारतीय महिला कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाली छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की होनहार खिलाड़ी संजू देवी का विवेकानंद एयरपोर्ट, रायपुर आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।
हवाई अड्डे पर प्रदेश कबड्डी संघ के पदाधिकारियों और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच गोल्ड मेडलिस्ट संजू देवी का अभिनंदन किया। इस अवसर पर संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी (राजनंदगांव), उपाध्यक्ष दिनेश चंद्रवंशी (कवर्धा) और बिलासपुर जिलाध्यक्ष जीवन मिश्रा ने बुके भेंट कर उन्हें सम्मानित किया।
इसके बाद, प्रदेश अध्यक्ष शशि कुमार बघेल और महासचिव प्रदीप यादव की उपस्थिति में संजू देवी को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात के लिए रवाना किया गया।
गौरतलब है कि जापान में आयोजित 20वें एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बात कर उन्हें बधाई और आशीर्वाद दिया था। संजू देवी के इस शानदार प्रदर्शन से पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है।



