कांकेर/छत्तीसगढ़। राज्य में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। कांकेर और महाराष्ट्र के गड़चिरौली सीमा पर स्थित जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सल डंप बरामद किया है। डंप से हथियारों और कारतूसों के साथ नक्सली सामग्री और दो प्रिंटर भी जब्त किए गए हैं।
संयुक्त टीम ने चलाया सघन सर्चिंग अभियान
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 सितंबर को जिला बल, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम डिस्पोजल स्क्वाड (BDS) की संयुक्त टीम ने ग्राम दागुनटोला और पुसगट्टा के मध्य पहाड़ी व जंगलों में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। सर्चिंग के दौरान जवानों की नजर एक संदिग्ध स्थान पर पड़ी, जहां खुदाई करने पर जमीन के अंदर छिपाया गया भारी मात्रा में नक्सली सामान बरामद हुआ।
बरामद सामग्रियों की सूची:
1 सिंगल बैरल 12 बोर रायफल
1 डबल बैरल 12 बोर रायफल
11 जिंदा कारतूस
2 प्रिंटर मशीन
अन्य नक्सली सामग्री एवं प्रचार-प्रसार साहित्य
BSF वाहिनी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
इस पूरे सर्च ऑपरेशन का कुशल नेतृत्व BSF की 94वीं वाहिनी के इंस्पेक्टर एच.एन. शर्मा और इंस्पेक्टर हनुमान सहाय मीणा द्वारा किया गया।
पुलिस प्रशासन के अनुसार, सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों द्वारा अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए गश्त तेज कर दी गई है। आने वाले दिनों में भी नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों का यह संयुक्त अभियान इसी तरह निरंतर जारी रहेगा।



