डोंगरगढ़ (राजनांदगांव)। ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर दो महिलाओं से कुल ₹36.70 लाख की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी कैलाश सेठी को डोंगरगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी कैलाश सेठी (37 वर्ष), निवासी मीनाक्षी नगर (दुर्ग) ने “प्योर ट्रेडिंग” नाम की कंपनी में पैसा निवेश करने पर भारी मुनाफा कमाने का लालच देकर दो महिलाओं से लाखों रुपये ऐंठ लिए थे।
दो अलग-अलग मामलों में ठगी का शिकार हुईं महिलाएं
मामला 1 (अपराध क्रमांक 413/2026):Rest House डोंगरगढ़ निवासी प्रतिमा पाल (45 वर्ष) ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने 30 मई 2023 से 4 मई 2025 के बीच ऑनलाइन और नगद के माध्यम से उनसे कुल ₹27,50,000/- निवेश कराए। इसमें से आरोपी ने केवल ₹19,00,000/- ही वापस किए और शेष ₹8,50,000/- हड़प लिए।
मामला 2 (अपराध क्रमांक 414/2026): गोलबाजार डोंगरगढ़ निवासी नमिता चौबे (42 वर्ष) ने शिकायत दर्ज कराई कि आरोपी ने 7 फरवरी 2023 से 7 मई 2025 के बीच उनसे कुल ₹55,00,000/- प्राप्त किए। इसमें से आरोपी ने केवल ₹26,80,000/- वापस किए, जबकि शेष ₹28,20,000/- वापस नहीं लौटाए।
दोनों ही मामलों में आरोपी ने कुल ₹82,50,000/- प्राप्त किए थे, जिसमें से ₹45,80,000/- वापस किए गए और ₹36,70,000/- की भारी राशि हड़प ली। बार-बार मांगने पर भी जब पैसे वापस नहीं मिले, तब पीड़िताओं ने पुलिस की शरण ली।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कीर्तन राठौर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी डोंगरगढ़ श्री केशरी नंदन नायक के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमन जायसवाल द्वारा मामले की जांच की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने 30 सितंबर 2026 को आरोपी कैलाश सेठी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। धोखाधड़ी के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी के खिलाफ धारा 318(4), 238 बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक धन्ना सिन्हा, आरक्षक अरुण मनहर, तिलक कवर एवं महिला आरक्षक सुषमा मराठे का सराहनीय योगदान रहा।



