मोहला-मानपुर। जिला के औंधी तहसील क्षेत्र में लंबे समय से बना बाघ का खौफ एक बार फिर गहरा गया है। ग्राम रेंगाटोला इलाके में इंसानी बस्ती और खेतों के करीब बाघ की अचानक दस्तक से ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। दिनदहाड़े बाघ ने पांच पालतू बकरियों पर हमला कर उन्हें अपना शिकार बना लिया, वहीं मवेशी चरा रहीं महिलाओं ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव की करीब छह महिलाएं मवेशियों को चराने के लिए खेत-खलिहानों की ओर गई हुई थीं। शाम के वक्त अचानक जंगल की तरफ से आए बाघ ने बकरियों के झुंड पर हमला कर दिया। बाघ को सामने देखकर महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने तुरंत वहां से भागकर खुद को सुरक्षित किया।
शव ले गया बाघ, ग्रामीणों में खौफ घटना के तुरंत बाद जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वहां दो बकरियां मृत पड़ी मिलीं, जबकि तीन बकरियों को बाघ उठाकर ले जा चुका था। अगले दिन जब वन विभाग की टीम के साथ ग्रामीण दोबारा घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां बची हुई दो मृत बकरियां भी गायब पाई गईं। ग्रामीणों का कहना है कि बाघ पांचों बकरियों को अपने कब्जे में लेकर जंगल में चला गया है।
इस घटना के बाद से क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और पशुपालकों में भारी डर का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है और प्रभावित इलाके में गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने ग्रामीणों को जंगल और खेतों की ओर अकेले न जाने की सलाह दी है।



