राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ धोबी समाज के संगठन विस्तार और मजबूती को लेकर महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। धोबी समाज के प्रदेश अध्यक्ष सूरज निर्मलकर ने जिला अध्यक्ष चैतराम निर्मलकर की अनुशंसा पर ग्राम घूमका निवासी लोचन प्रसाद निर्मलकर को राजनांदगांव जिले का नया जिला महासचिव नियुक्त किया है।
संगठन द्वारा लोचन प्रसाद निर्मलकर को जिला महासचिव की जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही जिले में समाज के संगठन का विस्तार करने के लिए पूर्णतः अधिकृत किया गया है। इसके अलावा समाज की गतिविधियों और विचारों को प्रमुखता से रखने के लिए उन्हें प्रवक्ता पद का भी अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
लोचन प्रसाद निर्मलकर की इस नियुक्ति पर समाज के लोगों और स्वजनों ने खुशी जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में समाज में एकजुटता आएगी और संगठन को धरातल पर नई मजबूती मिलेगी।
अपनी नियुक्ति पर लोचन प्रसाद निर्मलकर ने प्रदेश अध्यक्ष सूरज निर्मलकर और जिला अध्यक्ष चैतराम निर्मलकर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे समाज के विकास, सामाजिक एकजुटता और संगठन के विस्तार के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।



